अलीगढ़लीक्स…सहकारिता के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र (यूएन) प्रत्येक वर्ष जुलाई माह के पहले शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस मनाता है। इस वर्ष यह 3 जुलाई को है। अबकी कोरोना के कहर से हुए वैश्विक विनाश के बाद दुनिया के पुनर्निमाण के लिए सहकारिता के योगदान पर ध्यान केंद्रित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस मनाया जाएगा उक्त जानकारी सहकार भारती की सरोज नगर स्थित कार्यालय में जिला पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ प्रवीण सिंह जादौन ने दी, उन्होंने कहा कि सहकार भारती उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सहकारी समितियों के साथ मिलकर इसे मनाएगी ।
सहकार भारती के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य चमन शर्मा ने कहा कि पहले विश्व सहकारिता दिवस पर सहकारिता को सर्वमान्य पहचान देने का उद्देश्य रखा गया था। इस बार विश्व सहकारिता दिवस पर विनाश के बीच एक साथ बेहतर पुनर्निर्माण का संकल्प लिया जाएगा। वैसे भी सहकारिता का आधार एकजुटता, आपसी जिम्मेदारी, न्याय और समानता है। यह कार्यों को सुगम बनाकर समाज में स्वावलंबन व आर्थिक समृद्धि लाती है।
सहकार भारती के विभाग संयोजक अंशुल राठौर ने कहा कि प्रतिवर्ष विश्व सहकारिता दिवस मनाया जा रहा है। साल 1923 में पहली बार हुए इस आयोजन में सहकारिता का संवर्द्धन, अंतर्राष्ट्रीय एकता, आर्थिक दक्षता, शांति और समानता की चर्चा प्रमुखता से हुई। सन् 1995 में सहकारिता के विश्वमान्य सिद्धांतों को नये स्वरूप में मान्यता दी गयी और इस वर्ष से संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में भी इसी दिन सहकारिता दिवस मनाया जाने लगा।
सहकार भारती के जिला अध्यक्ष चौधरी ब्रजमोहन सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष थीम निर्धारित होती है आगामी 3 जुलाई को होने जा रहे इस बार के अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस की थीम ‘रीबिल्ड बेटर टुगेदर’ है। सहकारिता को एक साथ बेहतर पुनर्निर्माण के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन दुनिया भर की सहकारी समितियां दिखाएंगी कि कैसे वे एकजुटता और लचीलेपन के साथ कोविड-19 महामारी संकट का सामना कर रही हैं और समुदायों के ठीक होने की दिशा में चिंतन के साथ कार्य कर रही हैं।
जनपद एवम् महानगर इकाई अलीगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर 3 जुलाई को कार्यक्रम आयोजित किए जायेगे जिसमे सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे सहकारी व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में स्नेहलता शर्मा, राम सिंह, गजेन्द्र शर्मा, रवि चौहान, प्रवीण कुमार आदि उपस्थित थे।