आगरालीक्स…(18 July 2021 Agra News) आगरा में हुई बारिश से कई कॉलोनियों और सड़कों में भर गया पानी. फोटोज देखें. लोग बोले— स्मार्ट सिटी आगरा.
आगरा में रविवार शाम को कुछ घंटे के लिए हुई बारिश ने शहर के कई इलाकों को ताल तलैया बना दिया. शहर के कई मुख्य मार्गों के साथ कई कॉलोनियों में पानी भर गया. भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को रविवार शाम को हुई बारिश ने राहत तो दे दी लेकिन कई इलाकों में पानी भर गया. वहीं सीवर और पानी की पाइपलाइनों के लिए की गई खोदाई से गलियों से लेकर सड़कों तक दलदल और कीचड़ हो गया. नाले चोक होने से लोगों के घरों में पानी भर गया.
फोटोज और वीडियो में देखिए क्या है हाल
ये वीडियो दयालबाग के पुष्पांजलि—रोशन बाग रोड का है. सूर्य प्रताप सिंह ने ये वीडियो आगरालीक्स से शेयर किया है. यहां रविवार शाम को हुई बारिश के कुछ ही देर बाद पूरी सड़क पर पानी भर गया. सड़क पर पानी ऐसे बह रहा था जैसे कि कोई नदी की धार बह रही हो. इस सड़क से एक बड़ा नाला भी निकलता है. लेकिन यहां के लोगों का कहना है कि नाले में गंदगी पटी हुई है, जिसके कारण बारिश का पानी कुछ ही देर में सड़कों पर बहने लगता है.
ये वीडियो शहर के अवधपुरी चौराहा स्थित रॉयल एस्टेट कॉलोनी का है. यहां के रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले दिनों कॉलोनी में पहले सीवर की लाइन डाली गई, जिसके लिए सड़क को खोदा गया, उसके बाद पानी और गैस की लाइन डालने के लिए भी बची कुची सड़क को खोद दिया गया. सड़क अभी भी जर्जर हालत में है. इसको किसी भी विभाग ने ठीक नहीं कराया है. रविवार को हुई बारिश के कारण यहां पर फिसलन बहुत अधिक हो गया. कॉलोनी की सड़क पर जगह—जगह गड्ढे हो रहे हैं.
