आगरालीक्स…(23 July 2021 Agra News) आगरा में पुलिस की एक और मुठभेड़, एक और बदमाश पकड़ा. मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी की डकैती में था शामिल. एक किलो सोना और 63 हजार कैश बरामद
आगरा पुलिस की लगातार कार्रवाई
शहर के मणप्पुरम गोल्ड कंपनी की डकैती और डॉ. उमाकांत अपहरण कांड के बाद आगरा पुलिस ने इन दोनों ही वारदातों में शामिल बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी है. दोनों ही घटनाओं में आगरा पुलिस ने मुठभेड़ के जरिए दो—दो बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर भी किया है. पुलिस इन दोनेां ही घटनाओं में शामिल फरार अन्य बदमाशों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का खौफ इतना है कि दोनेां ही घटनाओं में शामिल एक—एक बदमाश खुद सरेंडर करने थाने पहुंच गए. शुक्रवार को भी पुलिस ने एक बदमाश को मुठभेड़ में अरेस्ट किया जो कि कमला नगर के मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी की डकैती में शामिल था.
कमला नगर एरिया में ही हुई मुठभेड़
गोल्ड लोन कंपनी की डकैती में शामिल एक बदमाश को पुलिस ने कमला नगर एरिया से ही मुठभेड़ में अरेस्ट किया है. पुलिस ने इसके पास से एक किलोग्राम सोना और जेवरात व 63 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है. बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुआ है और उसका नाम संतोष जाटव बताया गया हे. पुलिस ने इसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा था. बता दें कि इस घटना में पुलिस पहले ही देा बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है. एक बदमाश खुद सरेंडर करने थाने पहुंच गया.
तीन बदमाश अभी भी फरार
मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में हुई डकैती में शामिल अभी चार बदमाश फरार हैं. जिसमें सरगना लाला भी है. पुलिस ने इसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है. पुलिस इनकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है. संतोष जाटव, अविनाश उर्फ रेनू पंडित और अंशुल सोलंकी उर्फ लालू फरार हैं.
दो घंटे में किया था पर्दाफाश
बता दें कि कमला नगर में 17 जुलाई को दिनदहाड़े मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में बदमाशों ने करोड़ों रुपये का सोना और करीब छह लाख कैश लूट ले गए थे. पुलिस ने दो घंटे बाद ही बदमाशों को एत्मादपुर में ट्रैक कर लिया और फिर यहां पर पुलिस की इनके साथ मुठभेड़ हुई. पुलिस की गोली से मुठभेड़ में शामिल दो बदमाश निर्दोश और मनीष घायल हुए थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई. घटना में शामिल अन्य बदमाशों की पकड़ के लिए पुलिस की लगातार दबिश देखकर बुधवार दोपहर को बदमाश प्रभात शर्मा ने थाना कमला नगर पहुंचकर समर्पण कर दिया था.