आगरालीक्स…(28 July 2021 Agra News) आगरा की टीम ने नकल पकड़ी तो गाड़ी में मिली नोटों की गड्डी. विवि की मुख्य परीक्षाओं में बेखौफ हो रही नकल. देखें फोटोज
अंधेरे में कराई जा रही थी परीक्षा
इस समय विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं. हर बार नकल को रोकने के दावे किए जाते हैं लेकिन परीक्षा केंद्रों पर बेखौफ होकर नकल कराई जाती हुई मिली है. इस बार भी नकल माफिया परीक्षाओं में लगे हुए हैं. नकल और परीक्षा केंद्रों की अव्यवस्था का एक मामला सामने आया है. ये परीक्षा केंद्र है बौहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय, गढ़ी खांदा, बलदेव, मथुरा. इस महाविद्यालय में 560 विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है. सचल दल को लगातार शिकायत मिली कि इस केंद्र पर जमकर नकल कराई जा रही है. इस पर आगरा से एक टीम स केंद्र पर चेकिंग को पहुंची. लेकिन केंद्र की अव्यवस्था देख सचल दल के भी होश उड़ गए. सचल दल प्रभारी प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव द्वारा डॉक्टर आलोक कुमार के नेतृत्व में वहां पहुंचे सचल दल देखा कि यहां अंधेरे में परीक्षाएं कराई जा रही थी. केंद्र पर बच्चों के बैठने के लिए भी पर्याप्त फर्नीचर नहीं था. कॉलेज के पास पर्याप्त संसाधन नहीं थे.

गाड़ी में रखी मिली नोटों की गड्डी
सचल दल ने इसकी रिपोर्ट प्रभारी प्रो. मनोज श्रीवास्वत को दी. उन्होंने इस पर मथुरा के डीएम, एसएसपी और थाना बलदेव के प्रभारी को अवगत कराया. जिला प्रशासन के सहयोग से सचल दल ने इस पर पूरे समय वहां रहकर परीक्षाएं संपन्न कराईं. सचल दल जब वापस अपनी गाड़ी पर पहुंचा तो गाड़ी की सीट पर नोटों की गड्डी रखी हुई थी. इसकी जानकारी सचल दल प्रभारी को दी गई है. इसकी जानकारी होने पर अब परीक्षा केंद्र पर बड़ी कार्रवाई किए जाने की बात की जा रही है. कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने भी रिपोर्ट के आधार पर जांच के आदेश दिए हैं.

परीक्षा केंद्र को लेकर भी उठे सवाल
परीक्षा केंद्र पर मिली अव्यव्सथाओं के बाद इसके केंद्र बनाए जाने पर भी सवाल उठे हैं. कुलपति ने भी इस कॉलेज को परीक्षा केंद्र कैसे बनाया गया, इसकी जांच के आदेश दिए हैं. बिना भौतिक सत्यापन के आखिर कैसे बना परीक्षा केंद्र?