आगरालीक्स…(29 July 2021 Agra News) आगरा के तीन कॉलेजों में पकड़ी गई खुलेआम नकल. एक ने आफर की नोटों की गड्डी. अब तीनों पर बड़ा एक्शन.. पढ़ें कौन से हैं कॉलेज
तीनों में बेखौफ हो रही नकल
इस समय आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं. नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्र बने कॉलेजों में विवि की ओर से सचल दल भेजे जा रहे हैं. इसके बावजूद नकल माफिया बेखौफ होकर नकल कराते हुए मिले. बुधवार को तीन परीक्षा केंद्र ऐसे मिले जहां बेखौफ होकर नकल कराई जा रही थी. विवि का फ्लाइंग स्क्वॉयड जब यहां पहुंचा तो बेखौफ और अव्यवस्थाओं के बीच नकल कराई जा रही थी. निरीक्षण को पहुंचे दल ने इनके खिलाफ एक्शन लेने के लिए सचल दल के सचिव को इसकी रिपोर्ट भेजी है. जिसके बाद इन तीनों ही कॉलेजों पर बड़ा एक्शन लिया जा रहा है.
इन तीन कॉलजों में मिली नकल
कृष्णा कॉलेज, बमरौली कटारा आगरा
बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय, गढ़ी खांडा बल्देव
ममता डिग्री कॉलेज जलेसर रोड
तीनों कॉलेज डिबार पर, बदलेंगे तीनों के केंद्र
बुधवार को इन तीनों ही कॉलेजों में सचल दल ने खुलेआम हो रही नकल पड़ी तो अब इन तीनों ही कॉलेजों को डिबार किया जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि परीक्षार्थियों को कोई समस्या न हो, इसलिए तत्काल रूप से केंद्र बदला नहीं गया है. आगामी परीक्षा के दिन इन केंद्रों पर सचल दल तीनों ही पालियों में तैनात रहेंगे. यहां नोटिस चस्पा कर परीक्षार्थियों को केंद्र के बदलाव की जानकारी दी जाएगी. आसपास के कॉलेजों में इन कॉलेजों के परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे, जिससे किसी परीक्षार्थी की परीक्षा जानकारी के अभाव में न छूटे.
नकलविहीन परीक्षा कराई जाएगी
प्रो. आलोक कुमार राय ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि सभी जगह नकलविहीन परीक्षा कराई जाएगी. सचल दल लगातार कॉलेजों का निरीक्षण कर रहे हैं. जहां भी अनियमितता मिलेगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
गाड़ी में डाली थी नोटों की गड्डी
बता दें कि सचल दल ने बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय और ममता डिग्री कॉलेज में चेकिंग की थी और यहां अव्यवस्थाओं के बीच नकल खुलेआम कराई जा रही थी. बाद में सचल दल की गाड़ी में नोटों की गड्डी भी मिली थी. प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि इस मामले में संबंधित कॉलेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए उड़नदस्ता प्रभारी से कहा गया है.