आगरालीक्स.(Firozabad News 31st July). आगरा का नाम बदलकर अग्रवन करने की मांग उठी थी तो अब फीरोजाबाद का नाम बदलने का प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।
आगरा का नाम बदलकर अग्रवन रखने की मांग भाजपा विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग ने की थी। इसके बाद आंबेडकर विवि के इतिहास विभाग द्वारा लोगों से भी दस्तावेज मांगे गए। वैसे आगरा के नाम को लेकर तर्क दिया था कि ब्रज मंडल में वन ही बन हैं, इसमें अग्रवन भी था, ऐसा माना जाता है कि अग्रवन से ही आगरा नाम प्रचलित हो गया। तवारीख ए आगरा पुस्तक में आगरा का प्राचीन नाम अग्रवन होने की बात का जिर्क है। यहां महर्षि अंगिरा भी रहे, इतिहासकारों का यह भी कहना है कि आगरा का जिक्र अग्रबाण या अग्रवन के रूप में महाभारत काल में होता था। ऐसा भी कहा जाता है कि आगरा को प्राचीन काल में आर्यग्रह के नाम से जाना जाता था।
1506 में सिकंदरा लोधी ने बसाया आगरा
मुगल शासन काल में सिकंदरा लोधी ने आगरा को व्यवस्थित रूप से बसाया। 1526 से 1658 तक आगरा मुगल साम्राज्य की राजधानी रहा।
फीरोजाबाद का नाम चंद्र नगर
जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पहली बोर्ड बैठक हुई। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने फीरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्र नगर रखने की मांग की, इसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।
इसलिए फीरोजाबाद का नाम चंद्रनगर
फीरोजाबाद के राजा चंद्रसेन हुआ करते थे, इसलिए फीरोजाबाद का नाम चंद्रनगर था। लेकिन मुगल शासनकाल में अकबर ने फीरोजाबाद में मनसबदार फीरोजशाह को भेजा था, इसके बाद चंद्रनगर से नाम फीरोजाबाद हो गया। अब इसे बदलकर चंद्रनगर करने की मांग उठने लगी है।