आगरालीक्स… ( 3 August ) । प्रदेश में मुहर्रम को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी गई है। कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश में 19 अगस्त को मुहर्रम के दौरान जुलूस और तजिया निकालने की अनुमति नहीं होगी।
डीजीपी मुकुल गोयल ने मुहर्रम की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। वहीं, इस सर्कुलर के एक हिस्से की भाषा को लेकर शिया समुदाय में नाराजगी है। हालांकि पुलिस शासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सर्कुलर में कोई विचित्र बात नहीं है और यह इंटरनल आदेश है।
धर्मगुरुओं व शांति समिति की बैठकों पर जोर
डीजीपी मुकुल गोयल ने पुलिस अधिकारियों को धर्म गुरुओं, शांति समिति के पदाधिकारियों व संभ्रांत नागरिकों से वार्ता कर उन्हें कोविड-19 के दृष्टिगत धार्मिक आयोजनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट व शासन के निर्देशों की जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया है।
असामाजिक तत्वों पर रखी जाए नजर
डीजीपी ने कहा है कि असामाजिक और सांप्रदायिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। कहीं कोई गड़बड़ी न हो, जिन स्थानों पर किसी प्रकार को कोई विवाद सामने आया हो, वहां पुलिस व राजस्व के राजपत्रित अधिकारी स्थितियों का जायजा लेकर विवाद को हल करा लें। डीजीपी मुकुल गोयल ने निर्देश दिया है कि संदेवदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बंदोबस्त किए जाएं।
गाइडलाइन पर शिया नाराज
शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजित करके कहा है कि पुलिस गाइडलाइंस में झूठी और मनगढंत बातें शामिल की गई हैं, जो ठेस पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि जब तक यह गाइडलाइंस वापस नहीं होती, तब तक हम लोग इनकी पीस मीटिंग का बॉयकाट करते रहेंगे। शिकायत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक जाएंगे।