आगरालीक्स(18th September 2021 Agra News)… आगरा में सितंबर में होने लगा ठंड का एहसास. शनिवार दोपहर को भी बारिश. तापमान गिरा. जानिए कितने दिन रहेगा ऐसा मौसम.
सितंबर में ठंड का एहसास
आगरा में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते बुधवार रात से रुक रुककर बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। सितंबर में ठंड का एहसास होने लगा है। कूलर और एसी पिछले चार दिन से लगातार बंद हैं। कई घरों में पंखे तक नहीं चल रहे हैं। छतों पर रखी टंकियों का पानी भी ठंडा हो गया था। ऐसे में सुबह लोगों को नहाने में भी ठंड लगने लगी।

शनिवार दोपहर को जमकर बारिश
शनिवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे। सुबह से कुछ इलाकों में रिमझिम हो रही थी। सुबह दस बजे के बाद बूंदाबांदी तेज हो गई। दोपहर 12 बजे के बाद बारिश हुई। करीब एक घंटे तक बादल जमकर बरसे।
अभी होगी और बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार शाम तक तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम 22 सितंबर तक ऐसे ही रहेगा। मौसम विभाग ने रविवार को दो स्पैल में तेज बारिश की आशंका जताई है।
ठंडी हवाओं से तापमान गिरा
लगातार चल रही ठंडी हवाओं और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह 26.8 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस था। बीते 24 घंटे में 12.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।