आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में रक्षाबंधन पर हुई लघु नाटिका. भाई बहन के अटूट प्रेम, सम्मान और संस्कारों का दिया संदेश
माही इंटरनेशनल स्कूल में रक्षाबंधन पर्व उत्साह और स्नेह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विशेष प्रातः कालीन सभा से हुआ। विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में भाषण देकर रक्षाबंधन के इतिहास, महत्व तथा विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी दी। भाई-बहन के अटूट प्रेम पर आधारित लघु नाटिका ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।
सभा के बाद शिक्षकों के मार्गदर्शन में राखी एवं ग्रीटिंग कार्ड निर्माण गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता से सुंदर राखियां सजाईं तथा आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए। इसके उपरांत स्वेच्छा से सहभागी बने विद्यार्थियों ने पर्व मनाया। छात्राओं ने छात्रों को राखियां बांधीं और छात्रों ने उन्हें अपने बनाए शुभकामना कार्ड भेंट किए। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के साथ आपसी सम्मान, स्नेह, देखभाल और जिम्मेदारी का संदेश दिया। रचनात्मक गतिविधियों और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने समझा कि त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि रिश्तों की गरिमा और जीवन मूल्यों को सीखने के अवसर भी हैं।