मथुरालीक्स…वृंदावन में फ्लैट के अंदर फंदे से लटका मिला युवक..गर्लफ्रेंड के साथ किराए पर रहकर करता था शेयर ट्रेडिंग का काम. कई दिनों से अपने घर गई थी गर्लफ्रेंड, लौटी तो…
वृंदावन के छटीकरा मार्ग पर ओमैक्स के फ्लैट बने हुए हैं. शनिवार को यहां एक फ्लैट के अंदर युवक का शव फंदे से लटका मिला. युवक यहां अपनी एक महिला मित्र के साथ किराये पर रहता था. महिला मित्र तीन दिन से बाहर थी लेकिन उसके वापस यहां पहुंचने पर इस घटना की जानकारी हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. शव दो से तीन दिन पहले का ताया जा रहा है. मृतक युवक शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था.
महिला मित्र की सूचना पर पहुंची पुलिस
ओमैक्स स्थित कृष्णा ब्लॉक के 7 सी में राहुल शर्मा पुत्र संजय शर्मा नाम का युवक किराये पर रहता था. उसके साथ कुरुक्षेत्र की रहने वाली उसकी एक महिला मित्र भी रहती थी. युवक यहां किराए पर रहकर शेयर ट्रेडिंग का कार्य करता था. जानकारी के अनुसार उसकी महिला मित्र कई दिनों से कुरुक्षेत्र अपने घर गई हुई थी. शनिवार को जब वह वापस लौटी तो उसने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रया नहीं आई.
फंदे से लटका था युवक
महिला मित्र ने जब खिड़की से झांककर देखा तो राहुल फंदे से लटका हुआ था. महिला मित्र ने इसकी जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस यहां पहुंची. पुलिस ने फ्लैट को खुलवाया और शव को फंदे से नीचे उतारने के बाद पोस्टमार्टम गृह भेजा. पुलिस ने घटना की जानकारी सहारनपुर उसके परिजनों को दी है. पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि शेयर ट्रेडिंग में नुकसान होना भी एक कारण हो सकता है.