आगरालीक्स… आगरा के कासगंज में तिरंगा यात्रा में साम्प्रदायिक बवाल में एबीवीपी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, कई घायल, आग लगाई। बडी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंचा।
गणतंत्र दिवस शुक्रवार को कासगंज में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली, एबीवीपी कार्यकर्ता वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारे लगाते हुए जा रहे थे। तिरंगा यात्रा कासगंज के मुहल्ला हुल्का में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारे लगाए। देखते हुए देखते एबीवीपी कार्यकर्ता और समुदाय विशेष के लोग आमने सामने आ गए, उनमें मारपीट हो गई और फायरिंग होने लगी, इससे भगदड मच गई। चीख पुकार के बीच लोग जान बचाकर भागे।
एक की मौत एक गंभीर घायल

पथराव और फायरिंग से कासगंज में दहशत फैल गई, गोली लगने से एबीवीपी कार्यकर्ता
गली शिवालय रेलवे रोड निवासी चंदन गुप्ता पुत्र सुशील गुप्ता की मौत हो गई। वहीं प्रिंस की आंख में गोली लगी है, उसे गंभीर हालत में अलीगढ रेफर किया गया है। साम्प्रदायिक बवाल में पुलिस सहित तमाम लोग घायल हैं। डीएम आरपी सिंह, एसपी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस फोर्स ने मोर्चा संभाल लिया है।
धार्मिक स्थल में लगाई आग
आक्रोशित लोगों ने धार्मिक स्थल में आग लगा दी, पुलिस ने बमुश्किल आग पर काबू पाया, शहर में कई जगह बवाल की सूचना आने के बाद पुलिस ने उपद्रवियों पर सख्ती की है, आस पास के जिलों से भी पुलिस फोर्स बुलाया गया है।
सांसद और विधायक पहुंचे
सांसद राजवीर सिंह, कासगंज विधायक देवेंद्र राजपूत, अमांपुर विधायक देवेंद्र प्रताप, मारहरा के विधायक वीरेंद्र, के अलावा आईजी डा. संजीव गुप्ता एटा और हाथरस के एसएसपी भी मौके पहुंच गए। पुलिस लोगों को समझाने के प्रयास में जुटी हुई है, लोगों से वार्ता की जा रही है।
#UPCM श्री #YogiAdityanath ने दोनों पक्षों से शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की है, साथ ही प्रशासन को उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) January 26, 2018