आगरालीक्स ….(Agra News 14th October )आगरा में पंछी पेठा के नाम से चल रहीं दुकानों पर पुलिस प्रशासन और एफएसडीए की टीम ने कार्रवाई की। 17 सैंपल लिए गए, 50 किलो पेठा जब्त किया है।
पंछी पेठा स्टोर, नूरी दरवाजे के संचालक अमित गोयल ने कॉपी राइट एक्ट के तहत उनकी फर्म पंछी के नाम से शहर में चल रही तमाम दुकानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन और एफएसडीए की टीम ने कार्रवाई की। एसीएम चतुर्थ विनोद कुमार ने मीडिया को बताया कि फतेहाबाद रोड, ताजगंज क्षेत्र में पंछी पेठा का बोर्ड लगाकर पेठा बेचने वाली नौ दुकानों पर कार्रवाई की गई। जबकि एसीएम द्वितीय अरविंद बिंद द्वारा छत्ता और एत्माउददौला क्षेत्र की तीन तीन दुकानों पर कार्रवाई की गई।

12 दुकानों पर कार्रवाई, 17 सैंपल लिए
इस तरह टीम ने 12 दुकानों से पंछी के पोस्टर बैनर हटा दिए। इसके साथ ही एफएसडीए की टीम ने 17 सैंपल लिए हैं और 50 किलो पेठा जब्त किया है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।