आगरालीक्स.. ताजमहल के दक्षिणी गेट से खतरा है, आईबी की रिपोर्ट के बाद ताजमहल के दक्षिणी गेट को बंद करने का फैसला लिया है। मंगलवाार को आगरा आए सीआईएसएफ के आईजी एन वेणुगोपाल ने कहा कि जल्द ही ताजमहल का दक्षिणी गेट बंद कर दिया जाएगा। इसका बाद पूर्वी और पश्चिमी गेट से ही पर्यटक ताजमहल में प्रवेश कर सकेंगे।
मंगलवार को ताजमहल का निरीक्षण करने के बाद सीआईएसएफ के आईजी एन वेणुगोपाल ने कहा कि दक्षिणी गेट छोटा है, इससे पर्यटकों की सघन जांच नहीं हो पाती है। इससे ताजमहल को खतरा हो सकता है। ताजमहल में आने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसको लेकर कुछ दिनों पहले आईबी की टीम ने निरीक्षण कर जायजा लिया था। पूर्वी और पश्चिमी गेटों पर कुछ एक्सरे मशीनों को और बढ़ाए जाने की याजेना है। जिससे जल्द से जल्द सैलानियों की जांच हो सके और उन्हें लाइन में ज्यादा देर तक न लगना पड़े।
10 मिनट से ज्यादा लाइन में नहीं लगेंगे पर्यटक
सीआईएसएफ के आईजी एन वेणुगोपाल ने कमांडेंट ब्रजभूषण और अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. भुवन विक्रम सिंह के साथ दक्षिणी गेट का निरीक्षण किया। कहा कि दक्षिणी गेट पर इतनी जगह नहीं है कि चार डीएफएमडी या एक्सरे मशीनें लगाईं जा सकें। इसके चलते गेट को बंद किया जाएगा। ऐसा प्लान तैयार किया जा रहा है कि पर्यटकों को 5 से 10 मिनट तक लाइन में न खड़ा रहना पड़े। ताजमहल पर भीड़ ज्यादा होने के कारण भी सैलानियों के अलावा सुरक्षा व्यवस्था में भी परेशानी आती है।
दो तरह की टिकट की प्लानिंग
एक समय में कितने लोग ताजमहल के अंदर रहें। मुख्य गुंबद पर जाने और मजार के अंदर जाने वालों की टिकट की दर कुछ और कर दी जाए। इससे भी भीड़ पर अंकुश लग सकता है। हालांकि इन सब पर अभी विचार ही किया जा रहा है। कोशिश रहेगी कि किसी तरह से भीड़ प्रबंधन हो सके।