
आगरा कॉलेज के सामने नेहरू नगर निवासी डॉ अमित गुप्ता का अमित अल्ट्रासाउंड स्कैनिंग सेंटर है। मंगलवार दोपहर में यहां बीकानेर की टीम सादा कपडे में पहुंची, उनके साथ गर्भवती महिला भी थी। महिला का लिंग निर्धारण करने के लिए सौदेबाजी के बाद डॉक्टर को पैसे दिए गए। वह अल्ट्रासाउंड करने लगे, इसी बीच टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड लिया। वे डॉक्टर को पकड कर थाना लोहामंडी ले गए। वहां से अपने साथ टीम लेकर चली गई।
कई दिन से टीम ने डाल रखा था डेरा
बीकानेर के स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने कई दिनों से शहर में डेरा डाल रखा था। जिला प्रशासन से अनुमति लेने के बाद स्टिंग आॅपरेशन किया गया। इसके लिए टीम अपने साथ बीकानेर में सक्रिय दलालों को लेकर आई थी। जिससे डॉक्टर को आसानी से पकडा जा सके।
रुपयों पर किए थे हस्ताक्षर
गर्भवती महिला के लिंग निर्धारण के लिए डॉक्टर को पैसे दिए गए, इस पर टीम ने हस्ताक्षर कर दिए थे, जिससे रंगे हाथ पकडा जा सके। इसका वीडियो भी तैयार किया गया है, पुख्ता सुबुत जुटाने के बाद टीम ने डॉ अमित गुप्ता को हिरासत में ले लिया और अपने साथ लेकर चले गए।
ग्वालियर से किया है एमबीबीएस
नेहरू नगर निवासी डॉ अमित गुप्ता ने ग्वालियर से एमबीबीएस किया है, उनके पास राजस्थान से तमाम मरीज आते थे। बताया जा रहा है कि उनके सेंटर पर राजस्थान की महिलाओं का लिंग निर्धारण किया गया था, बीकानेर पुलिस ने लिंग निर्धारण करने वाले रैकेट को पकडने के बाद कार्रवाई की है।
आईएमए में मची खलबली
डॉ अमित गुप्ता के हिरासत में लेने के बाद आईएमए में खलबली मच गई, डॉक्टरों के फोन घनघनाने लगे।
Leave a comment