आगरालीक्स…अच्छी खबर, आगरा में हाउस टैक्स पर 10 प्रतिशत छूट की तारीख 30 सितंबर तक बढ़ी. नगर निगम कार्यकारिणी में 13 प्रस्ताव पेश हुए, 6 प्रस्तावों पर स्वीकृति…विक्रांत कुशवाह बने उपसभापति
नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक गुरुवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों का स्वागत किया गया तथा सर्वसम्मति से पार्षद विक्रांत कुशवाह को कार्यकारिणी समिति का उपसभापति चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव पार्षद हेमंत प्रजापति ने रखा, जिसे सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। बैठक में शहरवासियों को राहत देने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। पार्षद राकेश जैन द्वारा गृहकर पर 31 जुलाई तक दी जा रही 10 प्रतिशत की छूट को बढ़ाकर 30 सितंबर तक जारी रखने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर कार्यकारिणी ने अपनी सहमति दे दी। अब इस प्रस्ताव को आगे की औपचारिक कार्रवाई के लिए सदन को भेजा जाएगा।बैठक के दौरान कुल 13 प्रस्ताव कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनमें से लगभग आधा दर्जन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई, जबकि शेष प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद आगे विचार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान कई मुद्दों पर तीखी बहस भी देखने को मिली। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम पार्षदों और स्वयं महापौर के निशाने पर रहे। पार्षद अतुल अवस्थी ने नगर निगम में 27 माली की भर्ती प्रक्रिया तथा उनके भुगतान के मद को लेकर सवाल उठाए और पूरे मामले की जानकारी मांगी। पार्षद राकेश जैन द्वारा रखे गए वीरांगना झलकारी बाई शोभा यात्रा अनुदान को एक लाख रुपये से बढ़ा कर डेढ़ लाख करने के प्रस्ताव को भी पास कर दिया गया। वहीं पार्षद हेमंत प्रजापति ने सहायक नगर आयुक्त के पास एक साथ 11 पटल (विभागीय दायित्व) होने का कारण पूछा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अनुपस्थिति में बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने किया। बैठक में मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम एवं श्रद्धा पांडेय, महाप्रबंधक जलकल कुमार गौरव, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम तथा प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव एवं मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम सहित कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।