आगरालीक्स..(.Agra News 26th February 2022 ) राहत भरी खबर, आगरा, अलीगढ़, सहित यूक्रेन में फंसे देश भर के छात्रों को लाने के लिए भारतीय दूतावास सक्रिय, मैसेज कर कहा कि छोटा बैग तैयार रखें, हंगरी या पोलैंड के रास्ते भारत लाया जाएगा। बंकर में रात गुजार रहे यूक्रेन में फंसे छात्र।
आगरा, अलीगढ़, मथुरा, कासगंज, एटा के साथ ही देश भर के मेडिकल सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स की तैयारी कर रहे छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। छात्रों के परिजन परेशान हैं और अपने बेटों को यूक्रेन से भारत लाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। ऐसे में अब भारतीय दूतावास सक्रिय हो गया है। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को भारत लाने के लिए दूतावास संपर्क कर रहा है।

बेटी के पास आया फोन, एक छोटा बैग तैयार रखें और पोलैंड या हंगरी के रास्ते लेकर जाएंगे
शास्त्रीपुरम, आगरा निवासी संतोष सिंह की बेटी श्रेया सिंह श्रेया सिंह इवानो फ्रेंक्विवक्स नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की छात्रा है। उसने परिजनों को शुक्रवार को फोन पर बताया कि भारतीय दूतावास से एक मैसेज आया है, उन्होंने कहा है कि एक छोटे बैग में जरूरी सामान रख लें, पोलैंड या हंगरी के रास्ते भारत लाया जाएगा।
बंकर में रहना पड़ रहा, दो दिन का ही खाना
आगरा के मिढ़ाकुर निवासी पुष्पेंद्र सोलंकी का कहना है कि उनका 23 साल का बेटा मानवेंद्र सोलंकी टर्नोपिल यूनिवर्सिटी यूक्रेन से एमबीबीएस कर रहा है। उसने शुक्रवार को फोन कर बताया कि बंकर में रहना पड़ रहा है कोई मदद नहीं कर रहा है। वहीं, शमसाबाद के गांव रंजीतपुरा निवासी राम प्रकाश ने बताया कि उनका बेटा अनंत सिकरवार यूक्रेन से मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। उसने फोन कर बताया कि बंकर में रात गुजारनी पड़ी, दो दिन का ही खाना रह गया है। एटीएम बंद हैं।