आगरालीक्स…. आगरा में आज घर से निकलते ही जाम में फंस सकते हैं। एमजी रोड पर दोपहर में भीषण जाम लग सकता है, आज आगरा उत्तर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि है, इस सीट के लिए प्रमुख दल भाजपा, गठबंधन से सपा और कांग्रेस प्रत्याशी से 70 नामांकन किए जाने हैं। इसके लिए सुबह नौ बजे से ही भीड जुटने लगेगी। 11 से दोपहर तीन बजे तक एमजी रोड पर जाम लगा रहेगा।
आगरा उत्तर विधानसभा सीट पर 19 मई को मतदान होना है। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। अभी तक प्रमुख पार्टियों भाजपा, कांग्रेस के अलावा गठबंधन के प्रत्याशियों ने नामांकन नहीं किया है। सोमवार को ये सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन करेंगे। इसके चलते एमजी रोड पर जाम लगना तय है।
सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन
कलक्ट्रेट में नामांकन का सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगा। इस दौरान स्कूलों में छुट्टी का समय भी होगा। इसके चलते एमजी रोड पर निकलने वाले लोग वैकल्पिक मार्गो का भी प्रयोग करके जाम से बच सकते हैं।
यह रहेगा इंतजाम
जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर रखी है। प्रत्याशियों के समर्थकों के वाहनों को साईं की तकिया पर बैप्टिस्ट स्कूल, जीआइसी मैदान और आगरा कॉलेज मैदान पर रोक दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक प्रशांत कुमार के अनुसार जाम नहीं लगे इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
आगरा उत्तर विधानसभा सीट विधायक जगन प्रसाद गर्ग के निधन से रिक्त हो गई थी। इसके उपचुनाव को 19 मई को मतदान होगा और 23 मई को मतगणना। 79 लोगों ने पर्चे खरीदे हैं, जबकि पांच ने नामांकन किया है। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। कलक्ट्रेट स्थित एडीएम सिटी कोर्ट में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन होंगे। तीन बजे तक एडीएम सिटी कोर्ट में प्रवेश पाने वाले नामांकन कर सकेंगे। निर्दलीय के साथ 10 प्रस्तावक और राजनीतिक दल के प्रत्याशी के साथ चार लोग एडीएम सिटी कोर्ट में प्रवेश पा सकेंगे।
ये है हाल
उपचुनाव को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होंगे नामांकन
एडीएम सिटी कोर्ट में समय से प्रवेश पाने वाले को मिलेगा मौका
अब तक इन्होंने किए हैं नामांकन
मदन मोहन शर्मा, निर्दलीय
अंबेडकरी हसनूराम, निर्दलीय
राशिद अली, वंचित समाज इंसाफ पार्टी
रोहित, आदर्श समाज पार्टी
भूपेंद्र कुमार, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी
फाइल फोटो