आगरालीक्स ..आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ मनोज रावत चोरी में नामजद हैं, पूर्व प्राचार्य सहित तीन पर पांच लाख रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी के आरोपी आगरा कॉलेज के ही पूर्व प्राचार्य नरेंद्र सिंह की पत्नी शशी सिंह ने लगाए हैं।
यूपीपीएससी द्वारा प्रदेश के 116 प्राचार्य की नियुक्ति निरस्त करने के बाद डॉ मनोज रावत को आगरा कॉलेज के प्राचार्य पद से हटा दिया गया था। सपा सरकार के चलते नरेंद्र सिंह प्राचार्य बन गए थे लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद नरेंद्र सिंह को प्राचार्य पद से हटा दिया गया था, उनकी जगह डॉ एके गुप्ता को प्राचार्य बनाया गया है। इसे लेकर कॉलेज में राजनीति चल रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व प्राचार्य नरेंद्र सिंह की पत्नी शशी सिंह ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है, इसमें उन्होंने आरोप लगाए हैं कि उनके पति नरेंद्र सिंह प्राचार्य पद को लेकर चल रहे विवाद के कारण इलाहाबाद में हैं। वे वूमेंस विंग के पास प्राचार्य आवास में रह रहीं हैं। उनका सामान राजा की मंडी चौराहे पर सांई मंदिर के पीछे बने शिक्षक आवास में है। सुबह उन्हें शिक्षक आवास में चोरी होने की जानकारी महिला कर्मचारी ने दी। पांच लाख कैश और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए हैं। जो दस्तावेज चोरी हुए हैं, वे उन्हें कोर्ट में जमा करने हैं। इस मामले में डॉ मनोज रावत, डीपी शर्मा और आनंद पांडे पर आरोप लगाए हैं।
पुरानी वैमनस्यता के कारण लगाए आरोप
मीडिया से डॉ मनोज रावत का कहना है कि नरेंद्र सिंह ने दो आवासों पर कब्जा कर रखा है, डीपी शर्मा ने उनके खिलाफ रिट दायर की थी, इसके बाद उन्हें प्राचार्य पद से हटाया गया था। पुरानी वैमनस्यता के कारण वे आरोप लगा रहे हैं। हरीपर्वत इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिख लिया गया है, मामले की छानबीन की जा रही है।
इंटरनेट फोटो
Leave a comment