आगरालीक्स..(.देवेंद्र कुमार)..(Agra News 29th April 2021)..आगरा में कोरोना के प्रकोप से हाहाकार मचा हुआ है। आगरा के विशेषज्ञों का क्या है कहना, कब तक कंट्रोल में आएगी कोरोना की लहर।
कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। हर रोज कोरोना संक्रमितों की मौत हो रही है, कोरोना संक्रमितों की संख्या कई गुना बढ चुकी है। दहशत और डर है।
मई के अंत और जून तक कंट्रोल में आएगा कोरोना
एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो डॉ एके गुप्ता ने बताया कि हर वायरस अपने अंदर बदलाव करता है, इसी तरह से कोरोना वायरस ने म्यूटेशन किया है। म्यूटेशन के बाद संक्रमण तेजी से फैलता है। 40 फीसद आबादी में कोरोना के खिलाफ एंटीबाडीज बन जाएंगी, इसके बाद कोरोना कंट्रोल हो जाएगा। मई के अंत और जून में कोरोना कंट्रोल हो सकता है।
इस तरह बनेंगी एंटीबाडीज
कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है, जिन लोगों ने वैक्सीन लगवा ली है, उनमें एंटीबाडीज बन चुकी हैं। वहीं, जो लोग कोरोना संक्रमित हो रहे हैं, उनमें 14 दिन के बाद एंटीबाडीज बनेंगी। तमाम लोग ऐसे भी हैं जिनमें कोई लक्षण नहीं आए हैं और कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें भी एंटीबाडीज बन रही हैं। जिन लोगों में एंटीबाडीज बन रही हैं, उनकी संख्या 40 फीसद तक पहुंच जाएगी, इसके बाद कोरोना के संक्रमण की गति धीमी हो जाएगी। इस तरह मई के अंत और जून में कोरोना कंट्रोल हो जाना चाहिए।
आती- जाती रहेंगी कोरोना की वेब
एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो डा एके गुप्ता ने बताया कि कोरोना की वेब आती जाती रहेंगी। जिस तरह से हर साल सर्दी जुकाम का वायरस बदल जाता है, इसी तरह से कोरोना वायरस में भी बदलाव हो रहा है। वायरस के संक्रमण से बचने के लिए मास्क जरूर पहनें।
वैक्सीन से लगेगी वायरस पर रोक
कोरोना की कई वैक्सीन उपलब्ध हैं, इनकी रिपोर्ट भी आने लगी हैं, कोवाक्सिन 617 वायरस के म्यूटेशन के खिलाफ एक्टिव है। स्पुतनिक वी वैक्सीन 91 फीसद तक असरदार है। जितनी जल्दी लोगों को वैक्सीन लग जाएगी, कोरोना के संक्रमण की रोकथाम हो सकेगी।