आगरालीक्स.. आगरा में कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या बढने लगी है, शनिवार को 2386 ने वैक्सीन लगवाई। आठ मार्च को महिलाओं को वैक्सीन लगाई जाएगी।
आगरा में 110 केंद्रों पर शनिवार को वैक्सीन लगाई गई, सरकारी अस्पतालों में फ्री और निजी अस्पतालों में 250 रुपये का चार्ज लेकर वैक्सीन लगी। सीएमओ डा आरसी पांडे ने बताया कि 2386 बुजुर्ग और मरीजों ने वैक्सीन लगवाई।

महिला दिवस पर बुजुर्ग महिलाओं को लगेगी वैक्सीन
रविवार को वैक्सीन नहीं लगेगी। अब सोमवार को महिला दिवस पर महिलाओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। एडी हेल्थ डॉ. एके सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से कोविड-19 टीकाकरण चलाया जा रहा। भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में तीसरे चरण में एक मार्च से 60 वर्ष व इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण किया जा रहा। उन्होंने बताया कि अपर मुख्य सचिव ने मिशन शक्ति के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को जिले में विशेष टीकाकरण सत्रों का आयोजन कर वरिष्ठ नागरिक महिलाओं को टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ नागरिक महिलाओं को कोविड-19 टीकाकरण से लाभ देने के लिए तीन सत्र का चयन करते हुए विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 50 प्रतिशत पंजीकृत और 50 प्रतिशत ऐसी महिलाएं, जिनका पंजीकरण नहीं हुआ। उनका टीकाकरण किया जाएगा। इसके अलावा भी सत्र के दौरान कोई महिला आती है तो उसे टीका लगाया जाएगा।
सीएमओ डा.आरसी पांडेय ने बताया कि जिले में चयनित टीकाकरण सत्र स्ािल पर महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सत्रों पर आश्रय स्थल में रहने वाली महिलाएं, वृद्धावस्था पेंशन पाने वाली और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन व वरिष्ठ नागरिक महिलाओं को टीका लगाया जाएगा।