आगरालीक्स…दुस्साहस, आगरा में दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाश. 14 लाख की ज्वैलरी और कैश कर दिया पार…दिवाली की शॉपिंग को गया था परिवार
आगरा में बदमाशों द्वारा दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया है. दिवाली की शॉपिंग को गया एक परिवार जब वापस घर लौटा तो घर के अंदर अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे. ज्वैलरी और नकदी सहित कीमती सामान गायब था. पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर के अंदर से 14 लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए हैं. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख रही है.
घटना थाना ट्रांस यमुना के नगला रामबल स्थित आजाद नगर की है. यहां सतेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं और पीवीसी कंपनी में सुपरवाइजर हैं. इनका बेटा नोएडा में नौकरी करता है. घर पर पत्नी विनीता चौहान और बेटी नेहा चौहान रहती है. बेटा विक्की हर शनिवार को घर आता है. रविवार दोपहर करीब 12 बजे विक्की अपनी मां और बहन के साथ दिवाली की खरीदारी के लिए ट्रांस यमुना कॉलोनी बाजार गया था. परिवार करीब ढाई बजे वापस लौटा तो मेन गेट का कुंडा और ताला टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बक्सों के भी ताले टूटे थे और सामान बिखरा हुआ था.
परिवार के अनुसार चोर सोने चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार कैश सहित करीब 14 लाख रुपये की चोरी कर ले गए हैं. सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची. आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं. एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.