आगरालीक्स…(7 June 2021 Agra) आगरा में लोग कोरोना से बेखौफ: शाम को बाजारों में रही भीड़. कई जगह जाम की भी बनी स्थिति
बाजारों में भीड़, सोशल डिस्टेंसिंग हवा
आगरा में दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद बाजार सोमवार को खुल गए. लेकिन बाजारों में शाम के समय भीड़ अधिक दिखाई दी. शहर के घटिया आजम खां, फव्वारा, शाहगंज, राजा मंडी सहित कई स्थानों पर तो जाम की स्थिति भी देखी गई. यहां लोग खुलेआम सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए नजर आए. इसके अलावा लोग ठीक से मास्क भी नहीं पहने नजर आए. इसके अलावा शहर के शाह मार्केट, भगवान टाकीज, न्यू आगरा, सिकंदरा, शाहगंज, बोदला, रामबाग, टेढ़ी बगिया पर भी लोगों की भीड़ अच्छी खासी दिखाई दी.
अनलॉक होने के बाद से बढ़ रहे केस
बता दें कि आगरा में 1 जून से अनलॉक हो गया है. बाजारों को शाम सात बजे तक के खोलने की परमीशन दी गई है. लेकिन चिंता की बात ये है कि बाजारों में भीड़ उमड़ रही है. लोग नियमों का पालन करते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं. इसका असर ये है कि बीते सप्ताह अनलॉक के 4 दिन में 126 कोरोना संक्रमित मिले जबकि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी के दो दिनों में आगरा में 32 कोरोना संक्रमित मिले हैं. अगर अनलॉक में इसी तरह की भीड़ रही और कोरोना के केस बढ़ते गए तो ये चिंता की बात होगी.
600 पर लग जाएगा आंशिक लॉकडाउन
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा सख्त निर्देश हैं कि जिन जिलों में कोरोना के एक्टिव केस 600 से कम हैं उनको ही आंशिक लॉकडाउन से राहत दी जाए. इसके अलावा अगर केस 600 से अधिक हो जाते हैं तो जिले में आंशिक लॉकडाउन लगा दिया जाए. आगरा में इस समय कोरोना के एक्टिव केस 250 के पास हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कोरोना के नये संक्रमित अधिक संख्या में मिल रहे हैं जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है. ऐसे में लोगों को नियमों का पालन करना ही होगा, वरना सख्त पाबंदियां लग सकती हैं.