आगरालीक्स:…आगरा में जेन जी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के रिजल्ट की पोल खोल दी। शिक्षकों ने एक मिनट में 32 पेज की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन कर दिया। विवि द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं का पुर्नपरीक्षण व मूल्यांकन कराया जा रहा है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा बीएएमएस चतुर्थ वर्ष का परिणाम जारी किया, परिणाम में पंचकर्म विषय में बड़ी संख्या में छात्र फेल हो गए। छात्रों ने आरटीआई से विवि से उत्तर पुस्तिका प्राप्त कीं।
1.08 मिनट में 32 पेज की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन
छात्रों को आरटीआई से उपलब्ध कराई गई मूल्यांकन के बाद की उत्तर पुस्तिका चौंकाने वाली है। विवि के रिकॉर्ड के अनुसार, चार जुलाई को परीक्षक ने 10.29.19 बजे बीएएमएस के छात्र की कार्य चिकित्सा की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन शुरू किया और पूरी उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन महज 1.08 मिनट में कर दिया, 10.20.35 बजे मूल्यांकन पूरा हो गया। पंचकर्म विषय जिसमें अधिकांश छात्र फेल हुए हैं का मूल्यांकन 12.43.20 बजे शुरू किया गया और 1.17 मिनट पर यानी 12.44.31 बजे मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया।
छात्रों के प्रदर्शन के बाद पुर्नमूल्यांकन का लिया गया निर्णय
कई कॉलेजों के बीएएमएस के छात्र सुबह से ही विवि पहुंच गए, पहले परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। शाम को कुलपति आवास के बाहर छात्र धरने पर बैठ गए। कुलपति प्रो. आशु रानी को मामले की जानकारी हुई, उन्होंने इस मामले में छात्र हित को ध्यान में रखते हुए पुर्नमूल्यांकन के निर्देश दिए। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश के अनुसार, परीक्षा समिति से अनुमोदन की प्रत्याशा में विषय विशेषज्ञों द्वारा पुन: परीक्षण व मूल्यांकन कराने के बाद 21 अगस्त तक परिणाम घोषित किया जाएगा।