आगरालीक्स…(10 October 2021 Agra News) आगरा में एक और नेशनल हाइवे स्वीकृत. 78 किलोमीटर लंबा हाइवे आगरा से जोड़ेगा इस शहर को…हजारों लोगों को मिलेगी राहत. पढ़ें पूरी खबर
आगरा—एटा मार्ग बनेगा नेशनल हाइवे
आगरावासियों के लिए एक और अच्छी खबर है. आगरा में एक और नेशनल हाइवे स्वीकृत हो गया है.ये है आगरा—एटा नेशनल हाइवे. केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी बघेल को यह जानकारी केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने दी है. बता दें कि पिछले दिनों प्रो. बघेल ने नितिन गड़करी से उनके दिल्ली स्थित कार्यालय में मुलाकात भी की थी. केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि इस मार्ग के चौड़ा होने से आसपास के कई गांव के लोग लाभान्वित होंगे. बता दें कि कई सालों से आगरा से जलेसर मार्ग को चौड़ा करने की मांग उठ रही थी. ये मांग कई चुनावी मुद्दा भी बनी है लेकिन अब इसके जल्द पूरा होने की संभावना है.
78 किलोमीटर लंबा होगा हाइवे
आगरा—एटा नेशनल हाइवे 78 किलोमीटर लंबा होगा. ये आगरा के टेढ़ी बगिया, आंवलखेड़ा, जलेसर, निधौलीकलां से एटा जीटी रोड बनाया जाएगा. स्वीकृत होने के बाद इस हाइवे को 321 जी नंबर आवंटित किया गया है.
दो चरणों में हुआ स्वीकृत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा—एटा नेशनल हाइवे दो चरणों में स्वीकृत हुआ है. इसका पहला चरण आगरा के टेढ़ी बगिया से 52 किलोमीटर तक होगा. इतना एरिया ताज संरक्षित क्षेत्र में आता है. पहले चरण के काम के लिए एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट से स्वीकृति लेनी होगी. इसकी लागत 500 करोड़ के होगी. वहीं दूसरा चरण 26 किलोमीटर लंबा होगा, जिसकी लागत 18 करोड़ रुपये है.
बाईपास और आरओबी भी बनेंगे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जलेसर एवं निधौलीकलां में बाईपास तथा रेलवे लाइन पर आरओबी भी बनाया जाएगा. इसके अलावा हजारा नहर के ऊपर दो पुल बनाए जाएंगे. इस नेशनल हाइवे के बनने से न सिर्फ हजारों लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के कई गांवों का विकास भी होगा.