आगरालीक्स…आगरा में लाॅकडाउन के बीच सीवर लाइन से कनेक्शन लेने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए. मारपीट के बाद पथराव. सौ फुटा पर रुका ट्रैफिक. कई घायल
मंगलवार को आगरा के एत्माददौला क्षेत्र में सीवर लाइन से कनेक्शन को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया. जानकारी के अनुसार कालिंदी विहार स्थित सौ फुटा रोड पर सीवर लाइन गुजर रही है. यहा रहने वाले कुछ लोग मैनहाल के पास से कनेक्शन ले रहे थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यहां रहने वाले मुकेश गुप्ता ने इसका विरोध किया तो इस पर मुकेश के साथ लोगों का विवाद होने लगा. मुकेश का आरोप है कि उसके घर के आगे से सीवर लाइन गुजर रही है और घर के पास से ही मेनहाॅल से लोग कनेक्शन ले रहे थे. जब उसने विरोध किया तो आरोपी फांवड़े और डंडे ले आए और उस पर हमला बोल दिया. दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा. इसके कारण सौ फुटा पर भी दहशत फैल गई. पथराव के कारण दोनों ओर का ट्रैफिक भी एकबारगी रुक गया. हमले में मुकेश और उसकी पत्नी के अलावा दूसरे पक्ष से भी दो लोग घायल हुए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है. दोनों पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए लेकिन मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है.