आगरालीक्स ….आगरा में खतरे का निशान पार कर चुकी यमुना का लगातार बढ़ रहा जलस्तर, गौकुल बैराज से 1.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा। तनिष्क राजश्री गार्डन सहित कॉलोनियों में चेतावनी चस्पा, पोइया घाट श्मशान घाट भी डूबा।

आगरा में रविवार सुबह यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 495 फीट को पार कर गया था, इसके कुछ देर बाद ही स्ट्रैची ब्रिज के नीचे पानी भर गया था। रविवार रात 10 बजे तक यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से एक फीट अधिक 496.10 फीट तक पहुंच गया। वहीं, गौकुल बैराज से पानी लगातार छोड़ा जा रहा है अभी 1.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
तनिष्क राजश्री गार्डन सहित कॉलोनियों में चेतावनी चस्पा
प्रशासन भी सतर्क हो गया है। तनिष्क राजश्री गार्डन सहित यमुना किनारे की कॉलोनियों में चेतावनी चस्पा की गई है। लोगों से कहा जा रहा है कि अपने नजदीक के आश्रय स्थल पर पहुंच जाएं, अभी यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
ताजमहल के पीछे गार्डन में भरा पानी, पोइया घाट श्मशान घाट भी डूबा
यमुना का जलस्तर बढ़ने से ताजमहल के पीछे गार्डन में पानी भर गया है। ताजगंज श्मशान घाट डूब गया है, इसके बाद अब पोइया घाट श्मशान घाट भी डूब गया है।