आगरालीक्स…आगरा के पार्क केपीआईएमएस में सिर और गर्दन के कैंसर को लेकर किया जागरूक. कैंसर विजेताओं ने भी साझा की प्रेरणादायक सफलता की कहानी
विश्व हेड एंड नेक कैंसर दिवस के अवसर पर पार्क केपीआईएमएस हॉस्पिटल द्वारा "उम्मीद – Hope Begins With Early Detection" विषय पर एक विशेष इंटरैक्टिव जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सिर एवं गर्दन के कैंसर के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को समझाना तथा कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था। कार्यक्रम में हेड एंड नेक कैंसर सर्जन डॉ. अंकित विश्नवानी ने उपस्थित लोगों को सिर एवं गर्दन के कैंसर के शुरुआती लक्षण, इसके प्रमुख कारणों, बचाव के उपायों तथा समय पर उपचार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कैंसर का समय रहते पता चल जाए और उपचार शीघ्र शुरू कर दिया जाए तो अधिकांश मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने तंबाकू एवं धूम्रपान से दूरी बनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। साथ ही मरीजों के लिए उपचार के बाद आवश्यक कुछ सरल व्यायामों का भी प्रदर्शन किया, जो रिकवरी को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।कार्यक्रम के दौरान हेड एंड नेक कैंसर से संबंधित निःशुल्क विशेषज्ञ ओपीडी (Free OPD) का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं आगे के उपचार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का प्रेरणादायक क्षण तब रहा जब हेड एंड नेक कैंसर की सफल सर्जरी के बाद पूर्णतः स्वस्थ हो चुके 18 मरीजों ने मंच पर अपनी उपचार एवं संघर्ष की यात्रा साझा की। मरीजों ने बताया कि समय पर उपचार, चिकित्सकों के मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच के कारण आज वे सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। उनकी कहानियों ने उपस्थित लोगों में आशा और आत्मविश्वास का संचार किया।
उन्होंने कहा, "आज कैंसर न तो लाइलाज है और न ही आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित रहने की मजबूरी। आधुनिक चिकित्सा, अनुभवी विशेषज्ञों और सरकारी योजनाओं के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उपचार हर जरूरतमंद मरीज तक पहुँचाया जा सकता है। पार्क केपीआईएमएस प्रत्येक मरीज को विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर कैंसर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।" कार्यक्रम में चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, कैंसर सर्वाइवर्स एवं उनके परिजनों की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछे तथा कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान और आधुनिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। यह जागरूकता सत्र समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच को प्रोत्साहित करने तथा यह संदेश देने में सफल रहा कि समय पर पहचान, सही उपचार और सकारात्मक सोच के साथ कैंसर को हराया जा सकता है।