आगरालीक्स …Agra News: आगरा में रिटायर शिक्षिका को पांच दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट, कहा आतंकी उनकी कनाडा में रहने वाली बेटियों की हत्या कर सकते हैं, 84 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। पुलिस जांच में जुटी। ( Agra Live News: 75 year old Retire woman teacher digital arrest in Agra, duped Rs 84 Lakh )
आगरा के अदनबाग, दयालबाग की रहने वाली 75 साल की रूपा बल रिटायर शिक्षिका हैं। पति का निधन हो चुका है और दो बेटियां हैं और दोनों कनाडा में रह रही हैं। 14 अप्रैल को उनके पास वाटस एप पर वीडियो कॉल आई, कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और कहा कि आतंकियों को हुई फंडिंग और मनी लॉड्रिंग केस में उनका नाम आया है। जल्द ही सीबीआई टीम अरेस्ट कर लेगी।
बेटियों की हत्या का डर दिखाकर ट्रांसफर कराए 84 लाख
साइबर क्रिमनलों ने पांच दिन तक शिक्षिका से बात की, उनकी डिटेल ले ली, इस दौरान सख्त चेतावनी दी कि किसी को ना बताएं और वाटस एप वीडियो कॉल के दौरान सभी सवालों के जवाब दें। साइबर क्रिमनलों ने कहा कि सहयोग ना करने पर आतंकवादी कनाडा में रहने वाली उनकी बेटियों की हत्या कर सकते हैं, उन्होंने 18 अप्रैल को यश बैंक के अपने खाते से 16 लाख रुपये, पंजाब व सिंध बैंक खाते से 49.20 लाख रुपये आईसीआईसीआई बैंक के खाते से 19 लाख दो हजार रुपये बैंक जाकर साइबर क्रिमनल द्वारा बताए गए बैंक एकाउंट में आरटीजीएस कर दिए।
84 लाख ट्रांसफर होने के बाद नहीं आया कोई कॉल
शिक्षिका ने 84 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए इसके बाद उनके पास कोई फोन नहीं आया उन्होंने परिचितों को जानकारी दी तब जाकर साइबर ठगी का पता चला। हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिन खातों में रुपये ट्रांसफर हुए हैं उन्हें खंगाला जा रहा है।
1930 पर कॉल कर दे सकते हैं साइबर ठगी की सूचना
पुलिस और किसी भी सरकारी विभाग द्वारा डिजिटल अरेस्ट नहीं किया जाता है इस तरह की कॉल आने पर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना दे सकते हैं, अपने एकाउंट से पैसे ट्रांसफर ना करें।