आगरालीक्स …Agra News” आगरा में 24 घंटे में भीषण लू का दूसरी बार अलर्ट, डीएम मनीष बंसल की अपील, अनावश्यक बाहर ना निकलें। राहत कार्य के लिए 33 लाख रुपये का बजट, 47 डिग्री पहुंचेगा पारा। आज सुबह का तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगरा में सोमवार के बाद मंगलवार को भी भीषण लू के लिए मोबाइल पर अलर्ट जारी किया गया है, आगरा में दोपहर में लोगों के मोबाइल पर वीप की आवाज आने लगी और आने वाले 24 घंटे में भूषण लू के लिए अलर्ट किया गया है। वहीं, डीएम मनीष बंसल ने अपील करते हुए कहा कि मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा हीट वेब,अत्यधिक तापमान, प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी की गई है, उन्होंने कहा कि प्रचंड धूप में बाहर न निकलें, इस भीषण गर्मी में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें ।
राहत कार्य के लिए 33 लाख रुपये जारी किए गए
भीषण गर्मी और लू के दौरान सतर्क रहें,पर्याप्त पानी पीएं, धूप में बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी आदि से ढक कर निकलें, पर्याप्त मात्रा में नींबू पानी, ओआरएस, ग्लूकोज, तरल पदार्थों का सेवन करें । राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा 33 लाख रुपए की राशि जारी की गई है जिससे सभी नगरीय निकायों में छाया, शीतल पेयजल तथा अन्य हीट वेब राहत कार्यों को कराया जा रहा है।
आईएमडी ने जारी किया पूर्वानुमान
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बढ़ते तापमान के कारण हीट-वेव,लू प्रकोप का प्रभाव बढ़ना संभावित है,इसलिए हीटवेव,लू से आम जनमानस के बचाव हेतु सभी संबंधित विभागों को उपयुक्त तैयारियां करने हेतु निर्देशित किया गया है। सभी अस्पतालों में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु विशेष वार्डों की स्थापना करने, डॉक्टरों के उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौ आश्रय स्थलों पर शीतल पेयजल, छाया, हरे चारे की समुचित व्यवस्था करने को निर्देश दिए गए हैं।
हीट वेव से बचाव हेतु नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, व तहसीलों में ग्राम पंचायत द्वारा गर्मी से बचाव हेतु आश्रय स्थल की स्थापना, पीने के पानी की व्यवस्था, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों यथा-बस स्टैण्ड, श्रमिक अड्डों, टैक्सी ऑटो स्टैण्ड, प्रमुख चौराहों आदि स्थलों पर ग्रीन नेट,शेड,छांव की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने भीषण गर्मी से बचाव हेतु गैर-सरकारी संगठनों,स्वयं सेवी, सामाजिक संस्थाओं की भी सहायता लेना अपेक्षित है।
ऐसे स्थल जहाँ बड़ी संख्या में श्रमिक यात्रीगण इकट्ठे होते हैं, उन्हें चिन्हित करते हुए इन स्थलों पर गर्मी, लू से बचाव हेतु आश्रय स्थलों का संचालन, आगरा पर्यटन शहर होने के कारण सभी पर्यटक स्थलों पर भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।