आगरालीक्स ..Agra News: आगरा में आईपीएस की विदाई पार्टी में शिकंजी में निकला पंख, एफएसडीए ने साकेत कॉलोनी स्थित भगत हलवाई सहित 22 नमूने लिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रशिक्षु आईपीएस अभय डागा की परिवीक्षाधीन अवधि पूर्ण होने और पुलिस आयुक्त के गोपनीय सहायक शैलेंद्र कुमार सक्सेना को शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कैंप कार्यालय में विदाई दी गई। इसके लिए साकेत कॉलोनी स्थित भगत हलवाई से नाश्ता मंगवाया गया था। इसमें शिकंजी भी थी। एक अधिकारी ने शिकंजी पीने के लिए बोतल खोली तो उसमें चिड़िया का पंख देख वे सहम गए। इसके बारे में एफएसडीए को जानकारी दी गई। शनिवार को एफएसडीए की टीम ने सैंपल लिए। भगत हलवाई के संचालक प्रदीप भगत का मीडिया से कहना है कि सैंपल लेने की वजह शिकंजी में पंख निकलना बताई जा रही है। उन्होंने पंख नहीं देखा, बोतल में पंख कहां से आया, यह उन्हें खुद भी नहीं पता है, साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के अनुसार, 27 मई से 29 मई 2026 तक आईस्क्रीम, आइसकैंडी, शेक, जूस, फ्रोजन डेजर्ट, कुल्फी एवं अन्य समान उत्पादों की सघन जांच एवं छापेमारी की गई। अभियान के दौरान विभाग की छह टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान 22 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। आईस्क्रीम, आइसकैंडी, बनाना शेक, मैंगो शेक, स्ट्रॉबेरी शेक, पाइनएप्पल जूस, गन्ने का जूस तथा नींबू शिकंजी सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। सभी नमूनों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूपता की जांच राज्य खाद्य प्रयोगशाला में कराई जाएगी। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।