आगरालीक्स…आगरा के श्री श्रीमथुराधीश मंदिर में ठाकुर जी ने किया नौका विहार..पुरुषोत्तम मास के दौरान आज मनाया गया नौका विहार उत्सव
प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में आज भव्य नौका विहार उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को आकर्षक पुष्प एवं मनोहरी श्रंगार कर सुसज्जित नौका में विराजमान कर विशेष झांकी सजाई गई। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और ठाकुरजी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर भाव-विभोर हो उठे। उत्सव में वैष्णव संप्रदाय की परंपराओं के अनुसार भजन-कीर्तन, संकीर्तन एवं विशेष आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। यमुना भक्त बृज खंडेलवाल व महन्त नन्दन श्रोत्रिय ने बताया कि नौका विहार उत्सव भगवान श्रीकृष्ण की जल विहार लीला का प्रतीक है। जिसे हर वर्ष श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाता है। उत्सव के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। शास्त्रों के अनुसार, मल मास ने जब अन्य देवताओं के पास शिकायत की कि कोई उसे अपना नहीं मानता, तो भगवान कृष्ण ने उसे अपना नाम देकर पुरुषोत्तम मास बनाया। इस मास में वर्ष भर के सभी उत्सवों को संक्षिप्त रूप में मनाया जाता है, जिससे वैष्णवों को अधिक सेवा (आधिक सेवा) करने का अवसर मिलता है। मनोरथ का अर्थ केवल इच्छा पूर्ति नहीं, बल्कि ठाकुरजी (श्रीनाथजी) के सुख, आनंद और लीला-स्मरण के लिए किया जाने वाला विशेष श्रृंगार, भोग और उत्सव है। यह प्रेम-लक्षणा भक्ति और सेवा-परंपरा का हिस्सा है। मुख्य रूप से पुष्पलता, जवाहरलाल खंडेलवाल, संजीव, मनोज, ब्रजेश, निखिल, शिवाशीष, राघव, आव्या श्रोत्रिय, तपस्या, प्रशान्त भारद्वाज, ओजस्वी भारद्वाज, राजीव पचौरी, राकेश शर्मा, सूर्या श्रोत्रिय आदि उपस्थित थे।