आगरालीक्स..आगरा के श्री मथुराधीश मंदिर में पुरुषोत्तम मास को लेकर मनी छोटी दीपावली. रोशनी से जगमगाया मंदिर.
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री मधुराधीश जी मंदिर में छोटी दीपावली उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, सतरंगी पुष्पों व दीपों की पंक्तियों से सजाया गया। जिससे संपूर्ण वातावरण दिव्य और अलौकिक दिखाई दे रहा था। उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री मधुराधीश जी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। उत्सव का शुभारंभ प्रातःकालीन मंगल आरती से हुआ। इसके पश्चात भगवान श्री मधुराधीश जी का विशेष श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को सुंदर वस्त्र, आभूषणों व सुगंधित पुष्पमालाओं से श्रंगारित किया गया। मंदिर में विशेष भोग अर्पित किया गया। जिसमें विभिन्न प्रकार के मिष्ठान्न, फल एवं पारंपरिक व्यंजन सम्मिलित थे। दर्शन के लिए आए श्रद्धालु ठाकुरजी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर भाव-विभोर हो उठे। संध्याकाल में छोटी दीपावली के उपलक्ष्य में विशेष दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर परिसर में सैकड़ों दीपक प्रज्ज्वलित किए गए, जिनकी मनमोहक रोशनी से पूरा वातावरण जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। दीपों की प्रकाशमय छटा ने उपस्थित जनसमुदाय को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, गोपालदास अग्रवाल, प्रदीप कुमार गर्ग, साहिल, शुभम आदि उपस्थित थे।