आगरालीक्स…आगरा में “किड्स समर फन क्लब 2026″ में बच्चों ने सीखा हरियाली का पाठ. पर्यावरण संदेश के साथ बच्चों को भेंट किए गए पौधे
शंकर ग्रीन्स समर फन क्लब द्वारा सोसाइटी के बच्चों के लिए आयोजित नौ दिवसीय “किड्स समर फन क्लब 2026" का आज उल्लासपूर्ण समापन हुआ। 1 जून से 9 जून तक क्लब हाउस, शंकर ग्रीन्स में आयोजित इस ग्रीष्मकालीन क्लब का समापन समारोह कोर्टयार्ड बाय मैरियट, आगरा के सौजन्य से सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 46 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक दिन की शुरुआत ध्यान (मेडिटेशन) सत्र से होती थी, जिससे बच्चे एकाग्रता एवं मानसिक शांति का अनुभव कर सकें। इन नौ दिनों में बच्चों ने भजन गायन, तम्बोला, रोचक विज्ञान-प्रयोग, म्यूजिकल चेयर, मनोरंजक खेल, क्राफ्ट, ड्राइंग एवं पेंटिंग, गिटार-वादन तथा मूवी-डे जैसी विविध गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। ड्राइंग सत्र में बड़े बच्चों ने 'पर्यावरण-दिवस' थीम पर अपनी कल्पना उकेरी, वहीं छोटे बच्चों ने फादर्स डे ग्रीटिंग कार्ड बनाकर अपने पिता के प्रति स्नेह प्रकट किया।बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन ध्यान-सत्र के साथ-साथ ऊर्जा से भरपूर ज़ुम्बा सत्र एवं म्यूजिकल चेयर सहित अनेक सक्रिय खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। मैरियट की ओर से समापन समारोह में मोहित अग्रवाल, स्निग्धा कोचर एवं शेफ उत्पल का विशेष योगदान रहा। आयोजन के अंतिम दिन एक विशेष पर्यावरण-संदेश के साथ सभी बच्चों को पौधे (प्लांटर्स) भेंट किए गए। पाँचवें दिन की ‘पर्यावरण-दिवस’ थीम से प्रारम्भ हुआ यह हरित-संदेश समापन-दिवस पर पौध-वितरण के साथ पूर्णता को प्राप्त हुआ । ‘एक पौधा, एक भविष्य' के भाव के साथ बच्चों से अपील की गई कि वे इन पौधों की देखभाल करें और अपने आसपास हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाने में अपना योगदान दें।
इस आयोजन को सफल बनाने में अनेक निवासियों, समन्वयकों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने गतिविधियों के संचालन, सामग्री एवं जलपान की व्यवस्था तथा अपना अमूल्य समय देकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। एसोसिएशन समर फन क्लब की समन्वयक टीम – आशिमा, प्रियंका, शिल्पी, भूमिका, श्वेता, मधु, मनीषा, लीना, किरण, वर्षा, दिव्या, राशि, मेहक एवं मोनिशा – के समर्पण एवं अथक प्रयासों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करती है, जिनके सहयोग से यह आयोजन इतना सफल एवं यादगार बन सका । समापन समारोह में संदीप उपाध्याय एवं हरदीप मिड्ढा की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर शंकर ग्रीन्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष कुसुम मिड्ढा ने कहा कि बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों में एक सुरक्षित, रचनात्मक एवं आनंददायक मंच प्रदान करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा, तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को और बेहतर रूप में करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं समर फन क्लब की मुख्य संयोजक सीमा मगन ने सभी समन्वयकों, अभिभावकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का उत्साह एवं ऊर्जा ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है, तथा आगामी वर्षों में इसे और बेहतर रूप में आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।