आगरालीक्स…मंत्री जी आलू ने कंगाल कर दिया है…आगरा में प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह की गाड़ी के आगे बैठ गए किसान..लगातार गिर रहे दाम और अन्य समस्याओं को लेकर जताया विरोध..मंत्री से मिला ये आश्वासन
आलू के गिरते भाव और अन्य समस्याओं को लेकर शुक्रवार को किसानों का एक दल विरोध जताते हुए एमएसएमई और जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह की गाड़ी के आगे बैठ गया. कृषि विज्ञान केंद्र में शुक्रवार को प्राकृतिक खेती पर आयोजित कार्यशाला में भाग लेने आए प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह के लौटते समय किसानों ने विरोध जताया. काफी समझाने के बाद किसान यहां से हटे. किसान करीब पांच मिनट तक गाड़ी के आगे बैठै रहे. सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया भी मौके पर पहुंचे और किसानों से बात की. किसानों का कहना था कि आलू के बाजार भाव में लगातार गिरावट आ रही है जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. वहीं बढ़ती लागत और फसल के उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान परेशान हैं. प्रशांत पौनिया ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने केा आश्वासन दिया जिसके बाद किसानों ने विरोध खत्म किया और गाड़ी के आगे से हट गए. विरोध करने वाले किसानों में मुख्य रूप से चौधरी पुष्पेंद्र सिंह, सोमवीर यादव, भूपेंद्र सिंह सोलंकी, मुकेश पाठक, हम्बीर सिंह, राजेंद्र सिंह और श्यान चाहर शामिल थे.