आगरालीक्स…आगरा के अकोला में स्मार्ट मीटर तोड़ने पर 16 नामजद और 600 के खिलाफ एफआईआर. बिजली विभाग के खिलाफ किया था प्रदर्शन और तोड़फोड़…मुकदमे के बाद किसानों में आक्रोश
आगरा के कस्बा अकोला में शनिवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर तोड़ने और सबस्टेशन पर तोड़फोड़ करने के आरोप में 16 नामजद और 600 अज्ञात महिला पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. कागारौल विद्युत उपखंड अधिकारी हिमांशु गुप्ता की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिजली आपूर्ति बाधित करने और राजस्व हानि पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं.ये है मामला
आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं. शुक्रवार को अकोला में लोगों ने अपने घरों पर लगे स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए, मीटर उखाड़ कर बिजलीघर पहुंच गए. ग्रामीणों ने मीटरों का बिजलीघर में ढेर लगा दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आरोप लगाए कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल ज्यादा आ रहे हैं, शिकायत करने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है. प्रदर्शन करने में महिलाएं आगे रहीं, महिलाएं और बच्चे अपने घर से स्मार्ट मीटर उखाड़कर अकोला स्थित देवी मंदिर पहुंचे, स्मार्ट मीटर का ढेर लगा दिया इसके बाद हाथ में स्मार्ट मीटर लेकर बिजलीघर तक पैदल पैदल पहुंचने और प्रदर्शन किया. उपकेंद्र परिसर में स्मार्ट मीटर फेंकर तोड़फोड़ की. आरोप है कि नामजद आरोपी भीड़ को उकसा रहे थे और पूरे घटनाक्रम का नेतृत्व कर रहे थे.
स्मार्ट मीटर तोड़फोड़ में मुकदमा दर्ज होने के बाद किसान नेताओं में आक्रोश है और उन्होंने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने गरीब जनता और किसानों के साथ अन्याय और सरासर झूठा मुकदमा थाना कागारौल में दर्ज कराया है. जो लोग मौके पर थे ही नहीं उनका नाम भी रिपोर्ट में दर्ज कर दिया है. किसान नेता श्याम सिंह चाहर चौधरी सोमवीर यादव ,मुकेश पाठक ने बताया है कि अगर 12 बेकसूर ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे वापिस नहीं हुए तो आक्रोशित ग्रामीणों के साथ दक्षिणांचल के एमडी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन /आंदोलन किया जायेगा.