आगरालीक्स…आगरा में सपा का महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन. सपा सांसद को किया हाउस अरेस्ट. महानगर अध्यक्ष थाने में बैठाए…गुस्साए सपाइयों ने घेरा छत्ता थाना
आगरा में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महंगाई और आर्थिक संकट के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया. सपा ने एक दिन पहले ही कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. गुरुवार को 11 बजे बहुत से कार्यक्र्ता कलक्ट्रेट पहुंच गए. वहीं काफी संख्या में सपा कार्यकर्ता जीवनी मंडी से कलक्ट्रेट के लिए समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के साथ निकलने वाले थे. लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया और थाना छत्ता ले आई.सपा सांसद को किया हाउस अरेस्ट
महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन में सपा सांसद रामजीलाल सुमन भी शामिल होने के लिए पहुंच रहे थे लेकिन थाना हरीपर्वत पुलिस ने उनहें रास्ते में ही रोक लिया जिसके कारण पुलिस और सांसद के बीच तीखी बहस हुई. पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर सांसद सुमन को हाउस अरेस्ट कर लिया.
इधर सपा महानगर अध्यक्ष को थाने में ले जाए जाने पर सपाइयों में आक्रोश छा गया. महानगर कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाना छत्ता पहुंच गए और उन्होंने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया. महानगर अध्यक्ष ने कहा कि सरकार आम लोगों की आवाज को दबाने में लगी है. महंगाई ने कमर तोड़ दी है और इसके बावजूद सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है. जब कोई महंगाई के खिलाफ आवाज उठाना चाहता है तो सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन्हें हाउस अरेस्ट कर रही है. हालांकि सपा की जिला इकाई ने कलक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया.