आगरालीक्स…आगरा में दोस्तों संग नहाने गए 16 साल का शम्मी नदी के तेज बहाव में बह गया. अभी तक नहीं चला पता. तलाश में गोताखोर और पुलिस के स्टीमर
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में नहाते समय नदी के तेज बहाव में बहे 16 साल के शम्मी का अभी तक पता नहीं चल सका है. नदी में पुलिस के स्टीमर और गोताखोर काफी दूर तक तलाश कर चुके हैं लेकिन खाली हाथ रहे. शम्मी शुक्रवार को दोपहर अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए गया था. हाथ से रस्सी फिसलने की वजह से वह तेज बहाव में बह गया. मौके पर मौजूद उसके दोस्तों ने चीख पुकार शुरू कर दी. घटना की सूचना पर पहुँचे परिजन और पुलिस स्थानीय गोताखोरों और स्टीमर की मदद से उसकी कई किलोमीटर दूर तक तलाश कराई गई.चंद पलों में आंखों से हो गया ओझल
ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र के इस्लान नगर निवासी फिरोज खान के तीन पुत्र हैं. शुक्रवार को फिरोज अपने काम पर चले गए थे और उनकी पत्नी मंजू किसी काम से बाजार गई हुई थीं. सुबह तकरीबन 11 बजे उनका 16 वर्षीय मंझला बेटा शम्मी दोस्तो संग नहाने यमुना नदी किनारे गया हुआ था. रस्सी के सहारे सभी दोस्त यमुना के बीचों बीच पहुँच गए उसी वक़्त शम्मी बिना कपड़े उतारे रस्सी पकड़कर नदी में नहाने गया. नहाते समय अचानक से रस्सी उसके हाथ से छूट गई. देखते ही देखते वह नदी के बहाव में बहने लगा और चंद पलो में ही आँखों से ओझल हो गया. घटना की सूचना तकरीबन 12 बजे घरवालों को मिली। परिजनों द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई जिसके बाद मौके पर पहुँची ट्रांसयमुना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और स्टीमर की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी. कई किलोमीटर तक तलाश के बावजूद किशोर का कोई पता नही चल सका. शनिवार सुबह से फिर से उसकी तलाश की गई लेकिन शाम तक कोई पता नहीं चला है.