आगरालीक्स…Agra News: आगरा में ताजमहल पूर्वी गेट की शिल्पग्राम पार्किंग बंद होने से जाम, पर्यटकों को 5.50 किलोमीटर घूम कर पश्चिमी गेट पार्किंग पहुंचना पड़ रहा है, पश्चिमी गेट पार्किंग भी कुछ ही देर में फुल हो रही है। इसके लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं किए गए हैं।
आगरा में एक्सप्रेस वे से आने वाले पर्यटक अपने वाहन शिल्पग्राम पार्किंग में खड़े कर देते हैं और गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल पूर्वी गेट तक पहुंच जाते हैं। शिल्पग्राम में पीएम यूनिटी मॉल बन रहा है। इसके चलते रविवार को शिल्पग्राम पार्किंग बंद कर दी गई, गेट पर पार्किंग बंद होने के बैनर लगा दिए गए। ऐसे में ताजमहल पहुंचे पर्यटकों ने अपने वाहन शिल्पग्राम के सामने सड़क पर ही खड़े कर दिए। इससे कुछ ही देर में जाम के हालात बन गए।
पश्चिमी गेट पार्किंग भी फुल
पूर्वी गेट की तरफ पहुंचे वाहनों को पश्चिमी गेट के लिए भेजा गया। मगर, पश्चिमी गेट पार्किंग भी कुछ ही देर में फुल हो गई। यहां भी पर्यटकों को सड़कों पर ही वाहन खड़े करने पड़े इससे भी जाम लग गया। साथ ही पर्यटकों को ताजमहल पूर्वी गेट से पश्चिमी गेट तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त चलना पड़ा। शिल्पग्राम पार्किंग बंद करने के बाद कोई वैकल्पिंक इंतजाम नहीं किए गए हैं और पर्यटकों को परेशानी हो रही है।