आगरालीक्स…आगरा के संजय प्लेस में व्यापारियों के लिए आरक्षित होंगी कुछ पार्किंग. पिछले साल हुई पार्किंग को लेकर मारपीट की घटना पर डीएम ने दिए निर्देश. घने बाजारों में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जाएंगी. ग्वालियर हाइवे पर जलभराव पर डीएम ने दिए ये आदेश
आगरा के संजय प्लेस में पिछले साल 3 जुलाई को पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर पार्किंग संचालक और अधिवक्ता (सीए) के बीच विवाद और मारपीट हो गई थी. इस मामले के गहराने के बाद नगर निगम द्वारा संजय प्लेस में संचालित 36 पार्किंग स्थानों को पार्किंग वसूली के लिए अस्थाई तौर पर स्थगित कर दिया गया था. इसमें बताया गया कि समस्या समाधान के लिए संजय प्लेस में जूता व कपड़ा मार्केट आदि के पार्किंग स्थलों के संचालन/स्वामित्व के संबंध में जांच के लिए मंडलायुक्त द्वारा एडीए सचिव,एडीएम सिटी, अपर नगरायुक्त की संयुक्त कमेटी बनाई गई. कमेटी की आख्या आने उपरांत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी. मंगलवार को वाणिज्य बंधू की बैठक्जि में यह मामला जिलाधिकारी मनीष बंसल के समक्ष उठा. इस पर डीएम ने कमेटी द्वारा मौके पर स्थलीय निरीक्षण करने तथा कौन सी पार्किंग नगर निगम को दी जाए तथा जूता, कपड़ा मार्केट के व्यापारियों के उपयोग, सुविधा के लिए किस पार्किंग को आरक्षित रखा जाए की रिपोर्ट आगामी बैठक में रखने के निर्देश दिए.पुराने शहर में बनेंगी मल्टीस्टोरी पार्किंग
बैठक में शहर के पुराने घने बसे बाजारों में पार्किंग सुविधा के प्रकरण को उठाया गया, जिसमें बताया गया कि 10 स्थानों पर नगर निगम की जमीन चिह्नित की गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई. जिलाधिकारी ने इसके लिए जब संबंधित से जानकारी ली गई तो बताया गया कि 02 स्थानों पर रेलवे व कैंट का भूमि स्वामित्व है. एक स्थान पर शिक्षा विभाग की भूमि है. जिलाधिकारी ने इस प्रकरण को शीघ्र समाधान के लिए सभी 10 स्थानों पर पार्किंग सुविधा के विकास हेतु नगर निगम द्वारा उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर उक्त स्थलों का पुनः मौका मुआयना करने अगर नगर निगम की भूमि नहीं है तो संबंधित विभागों से वार्ता कर एनओसी प्राप्त कर खाली स्थानों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थापना तथा अन्य पार्किंग स्थल चयन करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पुराने घने बसे बाजारों में पार्किंग सुविधा से वहां ट्रैफिक व्यवस्था में सुगमता होगी तथा व्यापारियों बंधुओं की भी समस्या का समाधान होगा.
ग्वालियर हाइवे पर बसी कॉलोनियों से हो रहा जलभराव
इसके अलावा बैठक में नगला मांकरोल ग्वालियर हाइवे के दोनों तरफ सर्विस रोड पर हो रहे स्थाई जलभराव की समस्या तथा इससे एक्सीडेंट की संभावना की समस्या को भी डीएम के सामने रखा गया. डीएम ने एडीए सचिव को निर्देशित किया कि यह एरिया नगर निगम सीमा में नहीं आता तथा ग्वालियर रोड पर एडीए द्वारा एप्रूव्ड कॉलोनियों का विकास किया गया है, लेकिन उनकी जलनिकासी का समुचित प्रबंध नहीं है, रोड पर उन सभी कॉलोनियों से भी जल भराव की समस्या है. उन्होंने जल निकासी के लिए नाले आदि की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए.
इन मुद्दों पर भी डीएम ने दिए ये निर्देश
साईं की तकिया से ईदगाह बस स्टैंड तक रोड पर अतिक्रमण, फुटपाथ पर कब्जा, जिसकी वजह से जाम लगने व्यापार प्रभावित हो रहा के प्रकरण को रखा गया, जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि वह सख्त कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाए तथा खाली कराए गए स्थान की फोटोग्राफी करके संबंधित थाना इंचार्ज के पास लिखित रूप में कार्यवाही आख्या प्राप्ति कराए, अगर पुनः कब्जा होता है तो संबंधित थानाध्यक्ष की जवाबदेही तय होगी.
संजय प्लेस व्यवसायिक केंद्र की दुकानें आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा कपड़ा व्यवसाय व जूता व्यवसाय हेतु आवंटित की गई थी, लेकिन जूता, कपड़ा मार्केट की दुकानों में अन्य व्यावसाय कोचिंग, स्पा सेंटर आदि संचालित है,उक्त के क्रम में बताया गया कि एडीए द्वारा गठित टीम ने प्रकरण प्रस्तुतकर्ता की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर लिया गया है, जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित को एडीए द्वारा नोटिस देने के निर्देश दिए.
हींग की मण्ड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक शैचालयों का निर्माण हेतु त्वरित कार्यवाही के सम्बन्ध में प्रकरण को रखा गया, जिसमें जिलाधिकारी द्वारा नगर निगम को सार्वजनिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिए, नगर निगम द्वारा जल्द सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराए जाने पर सहमति जताई.
बैठक में पुरानी मण्ड़ी से विक्टोरिया मार्ग तक के मार्ग से सैकड़ों व्यापारियों के माल का आयात निर्यात तथा आवागमन होता है परन्तु वहा की सड़क पर गड्डे हो गये है जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसी मार्ग पर डिवाईडर लगाकर दोनो तरफ बने फुटपाथों को छोटा कर सड़क चौड़ीकरण का प्रकरण रखा गया, जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड व चीफ इंजीनियर नगर निगम द्वारा मौके पर ज्वाइंट निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण की संभावना तथा मरम्मत आदि की रिपोर्ट देने तथा संबंधित समस्या के समाधान हेतु निर्देशित किया गया. रोड पर स्ट्रीट लाइट की कमी से अंधेरा रहने से हो रही असुविधा की बात रखी गई जिसमें जिलाधिकारी द्वारा नगर निगम के चीफ इंजीनियर विद्युत को स्ट्रीट लाइट स्थापना के निर्देश दिए.
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी मृत्युंजय नारायण सिंह,अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के विजय सामा, राजेश राठौर, ब्रजेश पंडित, मुकेश अग्रवाल, संजय अरोरा सहित बड़ी संख्या में वाणिज्य बंधु के सदस्यगण मौजूद रहे.