आगरालीक्स…आगरा में 101 वर्ष से चल रहे श्रीकृष्ण लीला आयोजन पर संकट मंडराने लगा है. जानें कारण
आगरा के बल्केश्वर में श्रीकृष्ण गौशाला है. गौशाला परिसर में स्थित भवन की एक कोठरी में श्रीकृष्ण लीला समिति का सामान रखा हुआ है और दूसरे में गौशाला समिति ने गायों के लिए भूसा भर रखा है. राज्य पुरातत्व विभाग ने गौशाला स्थित भवन को औरंगजेब की हवेली मुबारक मंजिल बताते हुए 30 सितंबर 2024 को प्रारंभिक अधिसूचना की थी. चार दिन पहले पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने श्रीकृष्ण लीला समिति को भवन से अपना सामान हटाने के लिए कह दिया है. श्रीकृष्ण लीला समिति द्वारा 1924 से दीपावली के समय पर हर वर्ष श्रीकृष्ण लीला का आयोजन इसी परिसर में किया जाता है. गौशाला के गोदाम पर पहले ही लगाया जा चुका है नोटिसश्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल का कहना है कि राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा गौशाला के गोदाम पर जिसमें भूसा भरा हुआ है उस पर कब्जा ले लिया था इस पर आपत्ति की गई थी. अब समिति को सामान हटाने के लिए कहा गया है. साथ ही राज्य पुरातत्व विभाग लखनऊ से अनुमति लेने के बाद ही श्रीकृष्ण लीला का मंचन करने के लिए कहा गया है. इससे इस वर्ष श्रीकृष्ण लीला आयोजन के लिए लखनऊ से अनुमति लेनी होगी. स्थानीय स्तर पर बिना अनुमति के आयोजन नहीं हो पाएगा. साथ ही समिति को सामान भी यहां से हटाना होगा.