आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग पोइया घाट पर बना पैंटून पुल आज से 14 अक्टूबर तक के लिए हुआ बंद. बारिश के सीजन में आवागमन नहीं होगा. लोगों को होगी परेशानी
आगरा के दयालबाग स्थित यमुना के पोइया घाट पर बना पैंटून पुल आज से वाहन चालकों के लिए बंद कर दिया गया है. लोक निर्माण विभाग की ओर से इसे सोमवार से हटाना शुरू कर दिया गया है और आवागमन को बंद कर दिया गया है. तीन से चार दिन में इस पुल को पूरी तरह से यमुना से हटा दिया जाएगा. लोक निर्माण विभाग के अनुसार बारिश के मौसम में अक्सर यमुना नदी उफान पर होती है. ऐसे में पैंटून पुल को हटाया जाता है, ताकि कोई हादसा न हो. अब इस पुल को 15 अक्टूबर को दोबारा लगाया जाएगा.मार्च में बना था यह पुल
आगरा के दयालबाग से खंदौली रोड को जोड़ने वाले पोइया घाट पर बने इस पुल को मार्च माह में खोला गया था. इसके शुरू होने से शहरवासियोें को काफी हद तक राहत मिली थी. उन्हें खंदौली जाने के लिए रामबाग या टेढ़ी बगिया नहीं जाना पड़ रहा था और यहां लगने वाले भीषण जाम से भी नहीं जूझना पड़ रहा था. पोइया घाट से निकलकर यह पुल उजरई में जाकर आगरा—अलीगढ़ रोड पर मिल रहा था. ऐसे में बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इस पुल से गुजरने वाले मार्ग से आवागमन कर रहे थे. इससे न सिर्फ समय की बचत हो रही थी बल्कि ईंधर को भी बचाया जा रहा था.
पोइया घाट से पैंटून पुल हटने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है. नियमित रूप से आने जाने वाले लोगों का कहना है कि अब फिर से रामबाग और टेढ़ी बगिया चौराहे के लंबे रास्ते से आवागमन करना होगा और साथ ही जाम से भी जूझना होगा.