आगरालीक्स…आगरा में विवि के 40 स्टूडेंट्स को कैंपस प्लेसमेंट में मिली सफलता. एमबीए, एमकॉम, बीकॉम और बीबीएस से जुड़े स्टूडेंट्स ने लिया भाग…इस कंपनी ने लिया साक्षात्कार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के सेठ पदमचंद जैन संस्थान में शुक्रवार को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में वैकमेट इंडिया लिमिटेड द्वारा भव्य कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के उत्थान, आत्मनिर्भरता और व्यावसायिक सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया एक सराहनीय कदम रहा। इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में MBA, M.Com, BBA एवं B.Com पाठ्यक्रमों से जुड़े 100 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में सभी अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 40 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इसके उपरांत सफल विद्यार्थियों को साक्षात्कार चरण के लिए आमंत्रित किया गया।

वैकमेट इंडिया लिमिटेड की ओर से एचआर मैनेजर रोहित सारस्वत, सीनियर मैनेजर (अकाउंट्स) पंकज अग्रवाल एवं आयुष छाबरा ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। यह भर्ती प्रक्रिया मुख्य रूप से एचआर, स्टोर तथा ऑपरेशंस विभागों के विभिन्न पदों के लिए आयोजित की गई। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची शीघ्र घोषित किए जाने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के समन्वयक प्रो. अनिल गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी कई प्रतिष्ठित कंपनियों से संवाद किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में अनेक नामी कंपनियां विश्वविद्यालय परिसर में कैंपस इंटरव्यू के लिए आएंगी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को रिज़्यूमे निर्माण, साक्षात्कार की तैयारी एवं अपनी स्किल्स को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जो उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम का सफल समन्वय प्रेरणा कत्याल एवं डॉ. श्वेता चौधरी द्वारा किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए तैयार करने हेतु मॉक इंटरव्यूज का भी आयोजन किया गया था तथा आगामी दिनों में इसी प्रकार के आयोजन विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में किए जाएंगे। इस अवसर पर अनेक शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। यह प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय की उस सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।