आगरालीक्स…आगरा में दयालबाग के रहने वाले पति—पत्नी बन गए ठगी का शिकार. लाखों के जेवरात ले गए ठग और थमा गए कंकड़
आगरा में दयालबाग के रहने वाले पति—पत्नी ठगी का शिकार हो गए. दोनों हाथरस जाने के लिए अबु उलाह दरगाह के पास बस का इंतजार कर रहे थे तभी वहां एक गाड़ी उनके पास रुकी. गाड़ी सवारों ने उनको बैंक कर्मचारी बताया और बहाने से गाड़ी में बिठा ले गए. बातों ही बातों में उलझाकर पति—पत्नी के पास मौजूद लाखों के गहने वो ले गए और इनको कंकड़ों से भरा लिफाफा थमा गए. मामले की शिकायत थाना न्यू आगरा में दर्ज कराई गई है. दयालबाग के जयरामबाग में अंकुर रहते हैं. इनके पिता राज कुमार और माता अनीता 3 फरवरी को हाथरस जा रहे थे. दोनों दोपहर को अबु उलाह दरगाह पर बस का इंतजार करने लगे. तभी वहां एक व्यक्ति गाड़ी से आया और उसने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए अपने साथ कम पैसों में ले जाने का प्रस्ताव दिया. दोनों गाड़ी में बैठ गए इसके बाद गाड़ी सवार ने सुल्तानगंज पुलिया कि पार्किंग में गाड़ी रोकी और कहा कि जेवर पहनकर नहीं जा सकते. हाइवे पर वाहन लाने पर चालान हो जाएगा. बातों फंसाकर शातिर ने इनके गहने उतरवा लिए और उन्हें एक लिफाफा में रख दिए. सील करने के बहाने लिफाफा ले लिया और इस लिफाफे की जगह कंकड़ भरा दूसरा लिफाफा थमा दिया और अपने साथी के साथ भा गया. जब दंपत्ति ने लिफाफा खोला तो उनके होश उड़ गए. गहनों की जगह लिफाफे में कंकड़ थे. सूचना पुलिस को दी गई है. पुलिस शातिरों की तलाश कर रही है.