आगरालीक्स…Agra News: आगरा में सीएम योगी आदित्यानाथ ने कहा कि निजी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लिए सरकार पॉलिसी बना रही है, यथार्थ ग्रुप अपना मेडिकल कॉलेज खोले, सरकार निजी मेडिकल कॉलेज खोलने में मदद करेगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यथार्थ ग्रुप के आठवें यथार्थ सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण करने के बाद कहा कि सरकार की अपनी सीमाएं हैं,निजी निवेश भी आवश्यक है,स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं है,स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए सरकार द्वारा पॉलिसी लाई गई है, जिन जनपदों में आवश्यक हो, निजी क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं को देने में सहयोग कर सकते हैं, उन्होंने निजी क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल या मेडिकल कॉलेज स्थापित करने पर सरकार द्वारा पूर्ण समर्थन करने की बात कही। उन्होंने यथार्थ ग्रुप को भी यूपी में लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं में वृद्धि हेतु मेडिकल कॉलेज व और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल खोलने हेतु आगे आने का आहवान किया।
उन्होंने बताया कि NMC ने शर्तों को सरल किया है तथा यहीं सर्वोत्तम समय है, जब उत्तर प्रदेश के नौजवानों को उत्तम मेडिकल शिक्षा मिले। कहा कि जब सरकार, समाज एवं संस्थाएं एक दिशा में कार्य करती हैं, तो आमजन में विश्वास बनता है, यह हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, आज उत्तर प्रदेश विश्वास का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश के लोगों को स्वस्थ जीवन देकर पुन्य अर्जित करें, उन्होंने कहा कि सस्ती, शुलभ, विश्वसनीय सुविधा प्रदान करें, सभी को सरकार उन्हें पूर्ण सहयोग व समर्थन देगी।
पहले 17 मेडिकल कॉलेज थे अब 81, आगरा एक एक घंटे की दूरी पर बन रहा मेडिसिन डिवाइस पार्क
उत्तर प्रदेश में 17 मेडिकल कॉलेज थे, आज 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं व कार्य कर रहे हैं, पहले वन-डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया होता था, उनकी सोच माफिया तक सीमित थी और उन्होंने माफिया पैदा किए। हमने स्वास्थ्य सुविधा हर नागरिक को देने का संकल्प लिया तथा डबल इंजन की सरकार ने हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की। यूपी में रायबरेली व गोरखपुर में दो एम्स स्थापित किए गये हैं, हमने विकास के साथ वेलफेयर की स्कीम चलाकर 06 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बीमारी पर पूरा परिवार कंगाल हो जाता था। आज मोदी जी ने आयुष्मान भारत के माध्यम से 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा दिया है। उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ 60 लाख गोल्डन कार्ड जारी हो चुके हैं, जो 10 करोड़ तक पहुंचेंगे।
अनुदेशक, शिक्षा मित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, रसोइयों आदि मिलाकर कुल 10 लाख से अधिक लोगों को 5 लाख प्रति वर्ष तक की कैशलेस सुविधा प्रदान की गई है। जो किसी योजना में अच्छादित न हों, उनके लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु 1300 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। अब हर जिले में फ्री डायलिसिस, सीटी स्कैन आदि की सुविधाएं हैं। प्रदेश में नई मेडिकल टेक्नोलॉजी लाने हेतु आईआईटी कानपुर एवं एसजीपीजीआई लखनऊ में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन रहे हैं। दवाओं का उत्पादन यूपी में हो इसके लिए ललितपुर में 1500 एकड़ फार्मा पार्क विकसित हो रहा है तथा आगरा से 1 घंटे की दूरी पर यमुना एक्सप्रेसवे पर 350 एकड़ में इक्यूपमेंट, मेन्यूफेक्चरिंग का मेडिकल डिवाइस पार्क स्थापित हो रहा है। समारोह में केंद्रीय प्रो एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, बाबूलाल जी, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल , विधायक खेरागढ़, भगवान सिंह कुशवाहा, विधायक फतेहाबाद छोटेलाल वर्मा , एमएलसी विजय शिवहरे, यथार्थ ग्रुप के चेयरमैन अजय त्यागी, मैनेजिंग डायरेक्टर कपिल त्यागी, डायरेक्टर यथार्थ त्यागी, डायरेक्टर जनरल रोबोटिक सर्जरी डॉ. श्वेतांक प्रकाश, डॉ. ब्लॉसम प्रकाश आदि मौजूद रहे।