आगरालीक्स…आगरा में भव्यता के साथ मनाया गया ‘उत्तर प्रदेश दिवस’.उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, उद्यमियों और लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए ताजनगरी आगरा में शुक्रवार को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ भव्यता के साथ मनाया गया। संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में योगी सरकार की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी नीतियों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति और विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और फीता काटकर किया।
किसानों और उद्यमियों का सम्मान
समारोह के दौरान लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे आगरा में उपस्थित जनसमूह ने बड़ी स्क्रीन पर देखा और सुना। इस मौके पर आगरा जनपद में कृषि, उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों और लाभार्थियों को राज्य मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
दंगा मुक्त यूपी और विकास की नई इबारत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में आए दिन जातीय और धार्मिक दंगे होते थे और शहरों में कर्फ्यू लगता था। लेकिन आज योगी सरकार के नेतृत्व में यूपी ‘दंगा मुक्त’ है और कानून व्यवस्था पूरे देश में एक मिसाल बनी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी ने एक भी दिन की छुट्टी लिए बिना यूपी को ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी से बाहर निकाल कर ‘विकसित राज्य’ बनाने की दिशा में काम किया है।
कार्यक्रम स्थल पर कृषि, स्वास्थ्य, नगर निगम, महिला एवं बाल विकास और परिवहन आदि विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने उपस्थित लोगों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, जल संरक्षण और पर्यावरण को बचाने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र करते हुए इसे 500 वर्षों के इंतजार का फल बताया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और छात्र- छात्राएं मौजूद रहे।