आगरालीक्स… आगरा की आबादी 32 लाख मानते हुए मास्टर प्लान 2031 किया गया तैयार, फतेहाबाद, शमसाबाद और ग्वालियर रोड पर होगा सबसे ज्यादा विकास, जानें। ( Agra Master Plan 2031: 32 Lakh Population, 37615 Hectare Land identified, More development in Fatehabad, Shamshabad & Gwalior road)
आगरा का मास्टर प्लान 2031 लागू हो गया है। एडीए ने 2021 में मास्टर प्लान बनाया था इसे शासन ने मंजूरी दे दी है। आगरा के मास्टर प्लान 2031 में विकास क्षेत्र की कुल जनसंख्या 32 लाख अनुमानित की गई है। जबकि 2021 का मास्टर प्लान करीब 22 लाख की आबादी के हिसाब से बनाया गया था। 37615 हेक्टेयर नगरीकृत क्षेत्र चिह्नांकित किया गया है। जिसमें लगभग 44.68 प्रतिशत क्षेत्र आवासीय, 5 प्रतिशत से अधिक औद्योगिक, लगभग 19.27 फीसदी पार्क यातायात/परिवहन के लिए लगभग 8.28 प्रतिशत भू उपयोग दिया गया है। विकास प्राधिकरण ने सामुदायिक सुविधाओं एवं पर्यटन के लिए लगभग 10.15 प्रतिशत की व्यवस्था की है। करीब 3.84 प्रतिशत क्षेत्र व्यवसायिक उपभोग के लिए तय किया है। साथ ही सीवेजफार्म, संरक्षित स्थल, निषिध क्षेत्र, नदी, नाला तालाब आदि के लिए लगभग 7.21 प्रतिशत भू उपयोग निर्धारित किया है।
571 वर्ग किलोमीटर हुआ एडीए का विकास क्षेत्र
आगरा विकास प्राधिकरण का यह तीसरा मास्टर प्लान है। पहला मास्टर प्लान वर्ष 1971 में बनाया गया था, जो 2001 तक प्रभावी रहा। इसके बाद मास्टर प्लान 2021 बनाया गया था। यह मास्टर प्लान 2004 में लागू हुआ था, जो अभी तक प्रभावी है। अब मास्टर प्लान 2031 तैयार किया गया है। यह मास्टर प्लान केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत बनाया गया है। यह मास्टर प्लान एक अप्रैल 2021 को लागू होना था, लेकिन चार वर्ष में प्लान तैयार नहीं हो पाया है। अब शासन ने मास्टर प्लान को हरी झंडी दे दी है। नए मास्टर प्लान के मुताबिक आगरा विकास प्राधिकरण का विकास क्षेत्र लगभग 541 वर्ग किलोमीटर हो गया है। इसमें नगर निगम के एरिया सहित करीब 158 राजस्व गांव शामिल हैं। विकास प्राधिकरण के प्रस्तावित सीमा विस्तार के करीब 78 गांवों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
इन परियोजनाओं पर होगा काम
औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक पार्क, मेगा टाउनशिप , हस्तशिल्प ग्राम , मेगा एमएसएमई क्लस्टर , आयुष पार्क , हैंडिक्राफ्ट सिटी , नॉलेज सिटी , मेडीसिटी
यहां लागू होगा मास्टर प्लान 2031
फतेहाबाद रोड पर बमरौली कटारा तक
शमसाबाद रोड पर दिगनेर तक
ग्वालियर रोड पर बाद तक
जगनेर रोड पर गामरी तक
फतेहपुर सीकरी रोड पर मिढ़ाकुर तक
बिचपुरी रोड पर अंगूठी तक
मथुरा रोड पर रुनकता तक
हाथरस रोड पर मलूपुर तक
जलेसर रोड पर नादऊ तक
एत्मादपुर रोड पर भागूपुर तक