
सोमवार को नगर निगम के 24वें (नगर निगम व जलकल बजट) अधिवेशन की बैठक में हंगामे के बीच सदन ने इस वित्तीय वर्ष के आय-व्यय के बजट को पास कर दिया है। सड़क, प्रकाश व्यवस्था, सफाई के बजट को बढ़ाया गया है। फॉगिंग के नाम पर हो रही खानापूर्ति के बजट को पिछले वित्तीय वर्ष की अपेक्षा कम कर दिया है।
आय का लक्ष्य
. नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में गृहकर से होने वाली आय का लक्ष्य 32 करोड़ रुपये रखा था, संशोधित कर 33 करोड़ रुपये कर दिया
. विज्ञापन कर से आय का लक्ष्य 650 लाख रुपये था, संशोधित कर 700 लाख रुपये कर दिया
. नर्सिंगहोमों से आय के लक्ष्य को 22 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया है।
व्यय का बजट
. सफाई के ठेके के लिए निर्धारित किए गए 15 करोड़ रुपये के बजट को बढ़ाकर 18 करोड़ रुपये कर दिया
. फॉगिंग के लिए 25 लाख रुपये के बजट को घटाकर 20 लाख रुपये कर दिया
. सड़कों की मरम्मत के लिए निर्धारित 50 करोड़ रुपये के बजट को बढ़ाकर 55 करोड़ रुपये कर दिया
. हर पार्षद को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए 30-30 लाख रुपये का बजट निर्धारित, मार्ग प्रकाश के लिए 15-15 एलईडी लाइट
. नई सड़कों के निर्माण के लिए निर्धारित चार करोड़ से बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये किया
भावुक हुई कुंदनिका, पार्षद रोेने लगे
भाजपा से सपा में गर्इ् पार्षद कुंदनिका शर्मा सदन के अधिवेशन में भावुक हो गई। सदन में पहुंचने के बाद वे भाजपा पार्षदों की सीट के पास पहुंची, वे भाजपा पार्षदों से लिपटकर खूब रोईं। सपा पार्षद फूल माला लेकर बार-बार उनकी तरफ आगे बढ़ रहे थे लेकिन कभी वे एक भाजपा पार्षद को गले से लगातीं तो कभी दूसरे को। जब तक उन्होंने भाजपा के एक-एक पार्षद से गले मिलकर दिल का गुबार नहीं निकाल लिया, तब तक वे सपा खेमे की ओर नहीं बढ़ीं। इसके बाद सपा पार्षदों ने भी उनका जोरदार स्वागत किया, वे लगभग एक घंटे तक सपा पार्षदों के साथ बैठी बाद में वे सदन की कार्यवाही बीच में ही छोड़कर चली गईं।
Leave a comment