आगरालीक्स …आगरा में मॉडल रोड बन रहा है, यह डेढ़ किलोमीटर का है, इसके बनने से कामयनी के सामने भावना एस्टेट रोड पर प्रोपर्टी के रेट कई गुना बढ़ जाएंगे।

भावना एस्टेट सिकंदरा क्षेत्र में आगरा नगर निगम द्वारा एक ऐसी बेहतरीन सड़क का निर्माण किया जा रहा है जो शहर के एक मॉडल रोड के रूप में तैयार होगी। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी टू साइड रोड बनाई जा रही है। बीच में डिवाइडर बनाया जा रहा है। सड़क के दोनों और साइड पटरी का निर्माण किया जाएगा। साइड से बड़े नाले का निर्माण किया जा रहा है ताकि कहीं भी गंदे पानी की निकासी या जलभराव की समस्या न हो। यह मॉडल रोड इस तरह से तैयार की जा रही है कि भविष्य में यदि अंडरग्राउंड किसी पाइपलाइन या केबिल को डालने की जरूरत पड़े तो उसके लिए सड़क खोदनी नहीं पड़ेगी। इसके लिए सड़क के एक साइड में नीचे से डक्ट बनाई जा रही है। जिसमें से आसानी से पाइपलाइन या केबल डाली जा सकेगी।
कई अपार्टमेंट निर्माणाधीन
मॉडल रोड के दोनों तरफ कई अपार्टमेंट बन रहे हैं, पिछले कुछ समय तक यहां प्रोपर्टी के रेट बहुत कम थे। अपार्टमेंट में फ्लैट की बिक्री नहीं हो रही थी लेकिन अब यहां रेट बढ़ने लगे हैं। आधा दर्जन बहुमंजिला बिल्डिंग यहां बनी हुई हैं।
कई कमियां मिली
मेयर नवीन जैन ने मॉडल रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण में साइट पटरी के निर्माण में लापरवाही बढ़ती जा रही थी। इंटरलॉकिंग पत्थर ठीक से नहीं बिछाए जा रही थे। कहीं-कहीं पर इंटरलॉकिंग उखड़ी थी तो कहीं दबी हुई थी। वहीँ सड़क भी एक समान समतल नहीं थी। ऊपर-नीचे बन रही थी। महापौर ने ठेकेदार को फटकार लगाकर ठीक करने को कहा। मेयर नवीन जैन ने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों को सड़क के बीच डिवाइडर में और सड़क के दोनों और किनारे पेड़ पौधे लगाकर हरियाली विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता आर के सिंह, अवर अभियंता पवन कुमार और ठेकेदार आदि मौजूद रहे।