आगरालीक्स…आगरा से मुंबई के लिए फ्लाइट शुरू तो यूक्रेन से लौटे दो और छात्र. खाद्य तेल और दूध पर रेट बढ़ने से दुकानदारों ने महंगी की सभी चीजें तो ताजमहल का सर्वर रहा डाउन…जानिए गुरुवार 2 मार्च 2022 को आगरा की दस बड़ी खबरें…

- आगरा से मुंबई के लिए आज से एयर कनेक्टिविटी शुरू कर दी गई है. बुधवार को इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट मुंबई से आगरा बिल्कुल समय पर आई. आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचने पर इस फ्लाइट में सफर करने वाले लोगों का एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्वागत किया. बुधवार को मुंबई से आगरा फ्लाइट से पहुंचने वालों की संख्या 143 रही. 143 लोग आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर फ्लाइट से पहुंचे तो वहीं आगरा से मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या 116 रही. यानी पहले दिन आगरा से 116 लोग मुंबई के लिए हवाई यात्रा से रवाना हुए.
- आगरा में धोखा देकर शादी करने का एक मामला सामने आया है. नई नवेली दुल्हन और उसके परिजनेां ने ससुरालियों पर धोखा देकर शादी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने इस मामले की शिकायत एसएसपी आगरा से की है, जहां से इस मामले को महिला थाने पहुंचा दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
- कोरोना काल में 10 वीं और 12 वीं के छात्रों की बोर्ड परीक्षा नहीं हुई। 10 वीं और 11 वीं के मूल्यांकन से ही 12 वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया गया। मगर, कोरोना की तीसरी लहर में केस कम हो गए हैं, ऐसे में बोर्ड परीक्षाएं होंगी। सीबीएसई स्कूलों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है। सीबीएसई के सिटी काआर्डिनिेटर रामानंद चौहान का कहना है कि सीबीएसई के 12 वीं के छात्रों के प्रैक्टिकल एग्जाम तीन मार्च से शुरू हो रहे हैं।
- कोरोना की तीसरी लहर से राहत मिलने लगी है। कोरोना के नए केस कम होने लगे हैं , ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। आगरा में बुधवार को कोरोना के 4 नए केस मिले हैं। जबकि 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 21 मरीज ठीक हुए हैं।
- आगरा में लोग सुबह का नाश्ता बेड़ई और जलेबी का करते हैं। बेड़ई और जलेबी के रेट कई सालों से आठ से 12 रुपये प्रति बेड़ई के रेट बढ़कर एक मार्च से 10 से 14 रुपये तक हो गए हैं। छह रुपये में मिलने वाली बेड़ई अब आठ रुपये की हो गई है। देसी घी की बेड़ई 12 रुपये की मिल रही थी इसके रेट 14 रुपये बढ़ाकर कर दिए गए हैं। इसी तरह से जलेबी भी महंगी हो गई है, 200 से 400 रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाली जलेबी के रेट 20 रुपये तक बढ़ गए हैं।
- यूक्रेन में फंसा आगरा का एक और छात्र वापस लौट आया है. आगरा में अब छह स्टूडेंट वापस आ गए हैं जबकि अभी भी 33 स्टूडेंट फंसे हुए हैं जिनके पेरेंट्स हर दिन चिंता में अपने दिन गुजार रहे हैं. वो सिर्फ अपने बच्चों के सुरक्षित घर आने की राह ताक रहे हैं. बुधवार को पिनाहट ब्लॉक के गांव राटौटी में रहने वाले किसान ब्रज मोहर परमार का इकलौता बेटा अरविंद परमार घर वापस लौट आया.
- आगरा के आंबेडकर विवि में पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया तीन साल बाद शुरू हो रही है। विवि से पीएचडी करने के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार से पीएचडी की प्रवेश परीक्षा का विज्ञापन आ जाएगा और शोध करने के इच्छुक विद्यार्थी 3 मार्च से ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ कर सकते हैं. 21 मार्च 2022 तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे और 3 अप्रैल 2022 को पीएचडी की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा
- जस्टिस फॉर लावण्या के लिए प्रदर्शन करते समय अरेस्ट की गईं एबीवीपी की राष्ट्रीय महासचिव जेल से रिहा होने के बाद आगरा पहुंची। आगरा में निधि त्रिपाठी का जोशीला स्वागत किया गया।
- बुधवार को भी मौसम साफ रहा. दिन में तेज धूप निकली. आगरा का अधिकतम तापमान बुधवार को 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
- शाहजहां उर्स को लेकर तीन दिन तक पर्यटकों के लिए ताजमहल में फ्री एंट्री रही, ऐसे में पर्यटकों की जबर्दस्त भीड़ ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंच गई. पिछले तीन दिन में रिकॉर्ड संख्या में लोगों ने ताजमहल का दीदार किया. आज बुधवार को ताजमहल फ्री नहीं था, लोगों को आनलाइन टिकट बुक करनी पड़ रही थीं. लेकिन करीब ढाई घंटे तक सर्वर डाउन रहा जिसके कारण लोग टिकट बुक नहीं कर सके.