आगरालीक्स…Agra News : आगरा के कान्वेंट, मिशनरी सहित अन्य स्कूलों में आरटीई के तहत निशुल्क प्रवेश के लिए अभी 13119 सीटें रह गई हैं, तीन से सात वर्ष की आयु के बच्चों के प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंहजी के अनुसार शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आर.टी.ई.) के अंतर्गत 03 वर्ष से लेकर 07 वर्ष की आयु के बच्चों को जनपद में संचालित गैर सहायता, मान्यता प्राप्त, निजी विद्यालयों, अंग्रेजी व हिंदी माध्यम की पूर्व माध्यमिक अथवा कक्षा एक में निःशुल्क प्रवेश का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत जनपद में कुल 17088 सीटों पर शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत निर्धन परिवार के बच्चों का प्रवेश लिया जाना है, जिसके अन्तर्गत अब तक कुल 3969 बच्चों को प्रवेश दिलाया जा चुका है तथा 13119 सीटें अभी प्रवेश के लिए रिक्त हैं।
एक से 19 फरवरी तक कर सकते हैं आनलाइन आवेदन
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आर.टी.ई.) योजना का लाभ लेने हेतु ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट www.rte25.upsdc.gov.in पर 1 फरवरी से 19 फ़रवरी 2025 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन हेतु अलाभित समूह के अन्तर्गत सरकार की अधिसूचना के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामाजिक एवं शैक्षिक रूप से पिछड़े वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, निःशक्त बच्चों एवं एच.आई.वी. अथवा कैंसर पीड़ित माता-पिता/अभिभावक का बच्चा नराश्रित बेघर, बी.पी.एल. वर्ग का बच्चा (सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र के आधार पर), दुर्बल श्रेणी के अन्तर्गत जिनके माता या सरंक्षक गरीबी रेखा के नीचे/विकलांग/वृद्धावस्था/विधवा पेंशन प्राप्त करते हैं या जिनकी अधिकृत वार्षिक आय रू. 1ः00 लाख तक (सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र के आधार पर), प्रवेश हेतु बच्चों की उम्र 03 वर्ष से 07 वर्ष के मध्य (ऑनलाईन जन्म प्रमाण पत्र सी.आर.एस. पोर्टल CRSORGI-GOV-IN से निर्गत किया गया अनिवार्य है।) होने चाहिये, जो शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 1/पूर्व प्राथमिक कक्षा के लिये पात्र होगा।